Thursday, October 1, 2026
Home कोरबा डीपीएस एनटीपीसी में शिक्षकों के बीच मारपीट, प्रबंधन करा रहा जांच

डीपीएस एनटीपीसी में शिक्षकों के बीच मारपीट, प्रबंधन करा रहा जांच

क्लासरूम में रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचने की चर्चा

कोरबा। एनटीपीसी के डीपीएस स्कूल में शिक्षकों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 18 सितंबर 2026 को हुई इस घटना के बाद मामला थाने तक भी पहुंचा, हालांकि पुलिस में एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। एनटीपीसी प्रबंधन ने घटना की पुष्टि करते हुए विवाद के कारणों की जांच कराए जाने की बात कही है।

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद में ऐसे शिक्षक शामिल हैं, जो सेवानिवृत्ति के बाद एडहॉक यानी संविदा आधार पर स्कूल में सेवाएं दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत क्लासरूम में एक महिला शिक्षिका द्वारा मोबाइल से रील बनाए जाने को लेकर हुई। इस पर दो शिक्षकों ने आपत्ति जताई। मामला बाद में स्कूल के प्राचार्य के कक्ष तक पहुंच गया।

बताया जाता है कि प्राचार्य के कक्ष में बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद धक्का-मुक्की तथा मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान दो शिक्षकों के बीच हाथापाई होने की बात सामने आई है। दोनों को उपचार के लिए एनटीपीसी के विभागीय अस्पताल ले जाने की भी जानकारी है।

घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से शिकायत लेकर पुलिस तक पहुंचने की चर्चा है। हालांकि दर्री थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार यादव ने इस तरह की घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। वहीं, स्कूल के प्राचार्य सतीश शर्मा ने भी घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया।

प्रबंधन ने माना घटना हुई, कारणों की जांच जारी

एनटीपीसी के मुख्य महाप्रबंधक से चर्चा किए जाने पर उन्होंने स्कूल में घटना होने की पुष्टि की। हालांकि उन्होंने कहा कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या रहे, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

घटना को लेकर स्कूल परिसर और शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि विवाद के पीछे शिक्षकों के बीच आपसी मतभेद और वर्चस्व की स्थिति भी कारण हो सकती है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

इस पूरे घटनाक्रम ने स्कूल में अनुशासन और शिक्षकों की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। यदि क्लासरूम में मोबाइल से रील बनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ है तो स्कूल प्रबंधन की ओर से शिक्षकों के लिए निर्धारित आचार संहिता और मोबाइल उपयोग संबंधी नियमों की स्थिति भी स्पष्ट होना जरूरी है।

फिलहाल एनटीपीसी प्रबंधन की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह, जिम्मेदारी और स्कूल स्तर पर की जाने वाली कार्रवाई को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।

Advertisement Carousel