Saturday, October 10, 2026
Home अम्बिकापुर भू-माफियाओं पर कार्रवाई को लेकर कलेक्टर अजीत बसंत की कार्यशैली की सराहना

भू-माफियाओं पर कार्रवाई को लेकर कलेक्टर अजीत बसंत की कार्यशैली की सराहना

अम्बिकापुर। सरगुजा के युवा कलेक्टर अजीत बसंत की भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई और जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली की सराहना की गई है। अम्बिकापुर में उनसे मुलाकात के दौरान विन्ध्येश्वर शरण सिंहदेव ने उनकी कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशासन में ऐसे अधिकारियों की आवश्यकता है, जो आमजन के हित में नियमों के अनुरूप प्रभावी निर्णय लेने में संकोच न करें।

विन्ध्येश्वर शरण सिंहदेव ने ‘पहल’ के संपादक आलोक शुक्ला के साथ कलेक्टर अजीत बसंत से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कलेक्टर की कार्यशैली से प्रभावित होकर उनसे मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने हाल ही में भू-माफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई से संबंधित समाचार का उल्लेख करते हुए कहा कि तालाबों और जलस्रोतों के संरक्षण जैसे जनहित के विषयों पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई किया जाना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कलेक्टर अजीत बसंत की कार्यशैली की विशेषता यह है कि वे सीधे विषय पर बात करते हैं और काम को नियम-कायदे के अनुसार करने पर जोर देते हैं। किसी भी सिफारिश के बजाय नियमानुसार कार्रवाई को प्राथमिकता देना उनकी कार्यशैली को अलग पहचान देता है।

विन्ध्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि आम लोगों को न्याय दिलाने और सार्वजनिक संपत्तियों व जलस्रोतों के संरक्षण के लिए प्रशासनिक स्तर पर ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कलेक्टर अजीत बसंत की कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

Advertisement Carousel