कटघोरा, पाली, दीपका, बालको, जमनीपाली सहित जिले के ग्रामीण अंचलों से जुटेंगे स्वजातीय बंधु

कोरबा। कलचुरी–कलार समाज के आराध्य देव, शौर्य, पराक्रम, न्याय और धर्म के प्रतीक भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जी की जयंती के पावन अवसर पर कोरबा में इस वर्ष भव्य धार्मिक एवं सामाजिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। सर्ववर्गीय जायसवाल–कलार समाज, कोरबा, युवा सभा एवं महिला सभा के संयुक्त तत्वावधान में 16 नवंबर 2026, सोमवार को भगवान श्री सहस्रबाहु जी की जयंती श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाज के महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल होंगे।
भगवान श्री सहस्रबाहु जयंती समारोह को लेकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उत्साह और तैयारियां की जा रही हैं। इस आयोजन में कोरबा शहर के साथ-साथ जिले के कटघोरा, पाली, दीपका, बालको, जमनीपाली सहित विभिन्न ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों से बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधुओं के शामिल होने की संभावना है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोगों की सहभागिता इस आयोजन को व्यापक सामाजिक स्वरूप प्रदान करेगी। समाज के पदाधिकारी एवं युवा कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क कर स्वजातीय बंधुओं को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
जयंती समारोह का मुख्य आकर्षण भगवान श्री सहस्रबाहु जी की भव्य शोभायात्रा होगी। 16 नवंबर, सोमवार को दोपहर 3 बजे रामजानकी मंदिर, पुराना बस स्टैंड, कोरबा से शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मिशन रोड स्थित कलचुरी भवन पहुंचेगी। शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक कला की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। पारंपरिक लोकनृत्य दल, ढोल-धुमाल की गूंज, मनमोहक झांकियां और भगवान श्री सहस्रबाहु जी की आकर्षक साज-सज्जा शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाएगी। समाज के लोग पारंपरिक परिधान में शामिल होकर भगवान श्री सहस्रबाहु जी के जयकारों के साथ नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर करेंगे।
शोभायात्रा के कलचुरी भवन, मिशन रोड पहुंचने के पश्चात भगवान श्री सहस्रबाहु जी का विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती की जाएगी। इसके साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। समाज के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन, सामाजिक बंधुओं का आपसी मेल-मिलाप तथा नई पीढ़ी को समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराने पर भी विशेष जोर रहेगा।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जी का जीवन शौर्य, साहस, पराक्रम, न्यायप्रियता और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। उनकी जयंती केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक पहचान को मजबूत करने का अवसर भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सर्ववर्गीय जायसवाल–कलार समाज, कोरबा की ओर से जिले के समस्त स्वजातीय बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं बच्चों से सपरिवार समारोह में शामिल होने की अपील की गई है। समाज के पदाधिकारियों ने सभी से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री सहस्रबाहु जी की जयंती को ऐतिहासिक, भव्य और यादगार बनाने में सहभागी बनें।

















