Monday, October 19, 2026
Home कोरबा सर्वमंगला मंदिर में हवन के बाद कन्या भोज, उमड़े श्रद्धालु

सर्वमंगला मंदिर में हवन के बाद कन्या भोज, उमड़े श्रद्धालु

कोरबा। शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर रविवार को मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार और मां दुर्गा के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठे। इस अवसर पर जगह-जगह हवन, कन्या भोज और प्रसाद वितरण के आयोजन किए गए।

शहर के प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर में महाष्टमी पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ हवन अनुष्ठान संपन्न हुआ। राजपुरोहित नमन पांडे ने परिवार सहित वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कराया। श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।

दोपहर बाद मंदिर परिसर में कन्या भोज और भोग-भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शहर के अन्य देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में भी धार्मिक अनुष्ठान हुए। आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूरे दिन शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

नवरात्र के तहत सोमवार को महानवमी पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। मंगलवार को दशहरा पर्व पर रावण दहन के साथ उत्सव का समापन होगा।

Advertisement Carousel