बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में शारदीय नवरात्र पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। अष्टमी तिथि पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर गुजराती समाज के जलाराम मंदिर परिसर में विशेष हवन-पूजन अनुष्ठान का आयोजन किया गया। वहीं, सप्तमी के दिन समाज के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूप धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जलाराम मंदिर में पुरोहित के मार्गदर्शन में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हवन अनुष्ठान प्रारंभ हुआ। वेदी पूजन और देवी-देवताओं के आवाहन के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कुंड में आहुतियां अर्पित की गईं। इस दौरान क्षेत्र, समाज, पर्यावरण, राष्ट्र और समस्त जीव-जगत के कल्याण की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने देवी भगवती से सभी के जीवन में सुख-शांति, सद्भाव और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
हवन की पूर्णाहुति के बाद समाज के सदस्यों ने सामूहिक रूप से देवी भगवती की आरती की। नवरात्र के इस आयोजन ने समाज के लोगों को एक साथ पूजा-अर्चना करने और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।

इससे पहले सप्तमी के अवसर पर आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती सहित विभिन्न धार्मिक एवं पौराणिक पात्रों की वेशभूषा धारण कर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और पौराणिक चरित्रों से परिचित होने का अवसर मिला। गुजराती समाज के सदस्यों ने धार्मिक अनुष्ठानों के साथ बच्चों की सांस्कृतिक सहभागिता को भी नवरात्र उत्सव का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया।

















