Saturday, October 17, 2026
Home कोरबा शारदीय नवरात्रि: मां सर्वमंगला मंदिर में महासप्तमी पर उमड़ी भक्तों की भीड़,...

शारदीय नवरात्रि: मां सर्वमंगला मंदिर में महासप्तमी पर उमड़ी भक्तों की भीड़, 12 हजार ज्योति कलश से जगमगा रहा माँ का दरबार


कोरबा। शारदीय नवरात्रि की महासप्तमी के पावन अवसर पर हसदेव नदी के तट पर विराजमान मां सर्वमंगला देवी के मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। माता रानी के दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंचे भक्त कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मान्यता है कि मां सर्वमंगला सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं, इसलिए नवरात्रि के इन दिनों में यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

विदेशों से भी प्रज्वलित हुए मनोकामना ज्योति कलश
मंदिर के राजपुरोहित एवं प्रबंधक नमन पांडे ने बताया कि इस वर्ष शारदीय नवरात्रि पर्व मंदिर परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मां के दरबार में देश ही नहीं बल्कि विदेश को मिलाकर श्रद्धालुओं द्वारा लगभग 12,000 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं, जिनकी जगमगाहट से पूरा मंदिर परिसर अलौकिक रूप से प्रज्वलित हो रहा है।


श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम
माता के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर प्रबंधन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी और धूप से बचाव के लिए विशेष तंबू व शेड की व्यवस्था की गई है। भक्तों की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए निजी सुरक्षा कर्मियों के साथ-साथ पुलिस बल भी अपनी सेवाएं दे रहा है।

सज-धज कर तैयार है मेला परिसर
मंदिर परिसर के आसपास विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी हुई हैं, विशेषकर पूजन सामग्री की दुकानें मंदिर की शोभा और भक्तों की आस्था का केंद्र बनी हुई हैं। महासप्तमी के इस पवित्र दिन पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां सर्वमंगला के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

Advertisement Carousel