Friday, October 25, 2024
Homeदेश-विदेशमोदी ने लाल किले पर फहराया तिरंगा, चीन की विस्तारवाद की नीति...

मोदी ने लाल किले पर फहराया तिरंगा, चीन की विस्तारवाद की नीति पर बोला हमला , कोरोना वैक्सीन को लेकर ये कहा…

  • प्रधानमंत्री ने कहा- देश के हमारे वैज्ञानिक ऋषि-मुनियों की तरह जी-जान से जुटे हुए हैं, वे कड़ी मेहनत कर रहे हैं
  • ‘भारत में तीन वैक्सीन टेस्टिंग के अलग-अलग चरण में हैं, जब वैज्ञानिकों से हरी झंडी मिलेगी तो बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन होगा’
  • मोदी ने कहा- संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरा देश एक जोश से भरा हुआ है

नई दिल्ली/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 74वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान चीन और पाकिस्तान का नाम लिए बिना उन्हें इशारों में संदेश दे दिया कि भारत किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। मोदी ने लद्दाख का जिक्र किया। कहा- हमारे वीर जवान क्या कर सकते हैं, देश क्या कर सकता है, ये लद्दाख में दुनिया ने देख लिया है।

लद्दाख की गलवन घाटी में 15 जून को भारत और चीन के सैनिकों की हिंसक झड़प हुई थी। इसमें भारत के 20 सैनिक शहीद हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन के 40 से ज्यादा सैनिक मारे गए थे। हालांकि, चीन ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की।

दुश्मन को उसी की भाषा में जवाब देते हैं
मोदी ने अपने भाषण में दुश्मनों को सीधी चेतावनी दी। लद्दाख का जिक्र चीन के लिए तो आतंकवाद का पाकिस्तान के लिए किया। हालांकि, दोनों का ही नाम लेने से परहेज किया। मोदी ने कहा, “जब हम एक असाधारण लक्ष्य लेकर असाधारण यात्रा पर निकलते हैं तो रास्ते में चुनौतियों की भरमार होती है, चुनौतियां भी असामान्य होती हैं। सीमा पर देश के सामर्थ्य को चुनौती देने के प्रयास हुए। लेकिन, एलओसी से लेकर एलएसी तक देश की संप्रभुता पर जिस किसी ने आंख उठाई, देश की सेना ने और हमारे वीर जवानों ने उसी भाषा में जवाब दिया।”

“ भारत की संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरा देश एक जोश से भरा हुआ है। संकल्प से प्रेरित है और सामर्थ्य पर आगे बढ़ रहा है। हमारे वीर जवान क्या कर सकते हैं, देश क्या कर सकता है, ये लद्दाख में दुनिया ने देख लिया है। मैं आज मातृभूमि पर न्योछावर सभी वीर जवानों को लाल किले की प्राचीर से आदरपूर्वक नमन करता हूं।’’

दुनिया का भारत पर भरोसा बढ़ा
चीन ने जब गलवन में नापाक हरकत की तो भारत ने उसे कई मोर्चों पर करारा जवाब दिया। आज हालात ये हैं कि चीन दुनिया में अकेला पड़ता जा रहा है और भारत का समर्थन तेजी से बढ़ा है। मोदी ने भी इसका जिक्र किया। कहा- आतंकवाद हो या विस्तारवाद, आज भारत डटकर मुकाबला कर रहा है। दुनिया का भारत पर विश्वास मजबूत हुआ है। पिछले दिनों भारत संयुक्त राष्ट्र में 192 में से 184 वोट हासिल कर अस्थायी सदस्य चुना गया।”

“विश्व में हमने कैसे यह पहुंच बनाई है, यह इसका उदाहरण है। जब भारत मजबूत हो, भारत सुरक्षित हो, तब यह संभव होता है। भारत का लगातार प्रयास है कि अपने पड़ोसी देशों के साथ अपने सदियों पुराने सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्तों को और गहराई दें। दक्षिण एशिया में दुनिया की एक चौथाई जनसंख्या रहती है।

74वां स्वतंत्रता दिवस कोरोना काल में आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायरस की रोकथाम को लेकर घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत में कोरोना वैक्सीन की टेस्टिंग अलग-अलग चरणों में है। हर भारतीय तक कम समय में वैक्सीन पहुंचाने की पूरी तैयारी है।

माना जा रहा था कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से मोदी वैक्सीन को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने इसे लेकर स्थिति साफ कर दी।

लाल किले पर क्या बोले मोदी?

‘‘कोरोना की वैक्सीन कब तैयार होगी, यह बड़ा सवाल है। देश के हमारे वैज्ञानिक ऋषि-मुनियों की तरह जी-जान से जुटे हुए हैं। वे कड़ी मेहनत कर रहे हैं। भारत में एक-दो नहीं बल्कि तीन-तीन वैक्सीन टेस्टिंग के अलग-अलग चरण में हैं। जब वैज्ञानिकों से हरी झंडी मिलेगी तो बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन होगा। इसकी तैयारियां पूरी हैं। हर भारतीय तक वैक्सीन कम से कम समय में कैसे पहुंचे, इसका खाका भी तैयार है।’’

भारत में इन तीन वैक्सीन पर काम हो रहा

वैक्सीनकंपनी (कौन मिलकर बना रहा)
कोवैक्सिनभारत बायोटेक और आईएमआर
ZyCoV-Dजायडस कैडिला
कोविडशील्ड (AZD 1222)सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका

तीनों वैक्सीन अभी क्या स्थिति?

  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के मुताबिक भारत बायोटेक की कोवैक्सिन और जायडस कैडिला की ZyCoV-D के पहले चरण का क्लीनिकल ट्रायल हो चुका है। जल्द ही दूसरे फेज का ट्रायल शुरू होगा।
  • ऑक्सफोर्ड वैक्सीन के दूसरे और तीसरे फेज के क्लीनिकल ट्रायल को मंजूरी मिल चुकी है। एक हफ्ते के अंदर 17 जगहों पर इसका परीक्षण होगा।
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments