Saturday, July 25, 2026
Home कोरबा भगवान जगन्नाथ की बहुड़ा यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, गोकुल नगर...

भगवान जगन्नाथ की बहुड़ा यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, गोकुल नगर में गूंजे जय जगन्नाथ के जयकारे


कोरबा (खटपट न्यूज़ )। गोकुल नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को भगवान श्री जगन्नाथ की बहुड़ा यात्रा (वापसी रथयात्रा) श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। शाम 4 बजे अस्थायी मौसी के घर (एमआईजी-30) से बैंड-बाजों और जय जगन्नाथ के उद्घोष के बीच रथयात्रा प्रारंभ हुई।


रथयात्रा कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से होकर निकली, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्ति गीतों व जयकारों से माहौल गुंजायमान रहा।


कॉलोनी भ्रमण के बाद रथयात्रा श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से भगवान की पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।


मंदिर समिति के अध्यक्ष डी.के. सक्सेना ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ की बहुड़ा यात्रा हर वर्ष श्रद्धा और परंपरा के साथ आयोजित की जाती है। इस वर्ष भी कॉलोनीवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं समिति के सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।

Advertisement Carousel