
कोरबा (खटपट न्यूज़ )। हसदेव नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध मां सर्वमंगला देवी मंदिर में शारदीय क्वांर नवरात्र पर्व की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नवरात्र के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दर्शन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महाराज) ने बताया कि नवरात्र पर्व 11 अक्टूबर, रविवार से प्रारंभ होगा। श्रद्धालु मनोकामना पूर्ति के लिए ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करा सकेंगे। तैल ज्योति कलश के लिए 901 रुपये तथा घृत ज्योति कलश के लिए 2100 रुपये निर्धारित किए गए हैं। राशि जमा करने के बाद रसीद प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को हवन, पूर्णाहुति, सहस्रधारा सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। वहीं, जवारा कलश विसर्जन 19 अक्टूबर को शाम 5 बजे किया जाएगा। नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और माता के जसगीत का आयोजन होगा।
मां सर्वमंगला की मंगल आरती प्रतिदिन सुबह और शाम 7 बजे होगी। मां का मंगल श्रृंगार सुबह 5 बजे तथा भोग-प्रसाद दोपहर 12 बजे अर्पित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में सुबह-शाम भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी।
मंदिर प्रबंधन ने ज्योति कलश का प्रसाद मंदिर परिसर स्थित कार्यालय से प्राप्त करने की जानकारी दी है। साथ ही परिसर के आसपास दुकान लगाने के इच्छुक व्यापारियों से पुजारी या प्रबंधक से संपर्क करने की अपील की है। नवरात्र पर्व के दौरान पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय रहेगा।
















