Thursday, October 1, 2026
Home कोरबा एमडी एसके कटियार का कार्यकाल बढ़ा, 31 मार्च 2027 तक संभालेंगे जनरेशन...

एमडी एसके कटियार का कार्यकाल बढ़ा, 31 मार्च 2027 तक संभालेंगे जनरेशन कंपनी की कमान

कोरबा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक संजीव कुमार कटियार (एस.के. कटियार) के कार्यकाल में राज्य शासन ने एक बार फिर वृद्धि की है। ऊर्जा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब वे 31 मार्च 2027 तक प्रबंध निदेशक के पद पर बने रहेंगे।

कटियार के कार्यकाल में एबीवीटीपीएस मड़वा के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 में प्लांट का प्लांट लोड फैक्टर (PLF) 49 प्रतिशत से बढ़कर 84.4 प्रतिशत तक पहुंच गया। कंपनी के अनुसार इस प्रदर्शन के बाद छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी ने 33 राज्य जनित निगमों में पहला स्थान हासिल किया।

46 दिन में पूरा किया जटिल तकनीकी काम

कोरबा पश्चिम ताप विद्युत संयंत्र में स्टेशन कंट्रोल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन सिस्टम के नवीनीकरण का जटिल कार्य भी महज 46 दिनों में पूरा किया गया। कंपनी के अनुसार पावर सेक्टर से जुड़े इस तरह के तकनीकी कार्य को तय समयसीमा में पूरा करना महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

इंजीनियरिंग के साथ ऊर्जा ऑडिट में विशेषज्ञता

मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक एस.के. कटियार प्रमाणित ऊर्जा लेखा परीक्षक हैं। उन्होंने प्रबंधन में डिप्लोमा भी हासिल किया है। कंपनी के अनुसार उनकी कार्यशैली में स्पष्ट दिशा-निर्देश, टीम को प्रेरित करना तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए सशक्त बनाना प्रमुख रहा है।

अब 31 मार्च 2027 तक बढ़े कार्यकाल के साथ जनरेशन कंपनी के सामने उत्पादन क्षमता बढ़ाने, संयंत्रों के प्रदर्शन में सुधार और तकनीकी दक्षता को मजबूत करने की जिम्मेदारी रहेगी।

Advertisement Carousel