कोरबा(खटपट न्यूज़)। राजस्व मंडल कोरबा के अंतर्गत पटवारी हल्का कोरबा के पावर हाउस रोड स्थित खसरा नंबर 663/3 के भू स्वामी के नाम से छेड़छाड़ व चौहद्दी में परिवर्तन करने की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ व राजस्व पटवारी संघ, कोरबा द्वारा बुधवार को किये गए एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। इसके उपरांत पूरे प्रकरण के संबंध में तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष जांच करने हेतु जिला स्तरीय जांच दल का गठन कलेक्टर द्वारा किया गया है।

प्रशासनिक सूत्रों के बताए अनुसार इस संबंध में 17 मार्च को अपर कलेक्टर के द्वारा आदेश जारी कर 18 मार्च को प्रातः 11:30 बजे प्रकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी के साथ जांच दल के समक्ष उपस्थित होना सुनिश्चित करने कहा गया है। कोरबा एसडीएम सुनील नायक, तहसीलदार सुरेश साहू, कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा, सीमांकन दल के समस्त सदस्यगण, पॉम मॉल के संचालक दिनेश मोदी, भू स्वामिनी श्रीमती अरुणिमा सिंह को जांच दल के समक्ष उपस्थित होने के संबंध में सूचना प्रेषित कर दी गई है।














