Monday, August 17, 2026
Home Uncategorized युकां के अभिनंदन पोस्टरों से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तस्वीर गायब…उठ रहे...

युकां के अभिनंदन पोस्टरों से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तस्वीर गायब…उठ रहे कई सवाल

कोरबा-कटघोरा (खटपट न्यूज)। बढ़ती महंगाई एवं पेट्रोल-डीजल के दाम में वृद्धि के विरोध में युवा कांग्रेस द्वारा कटघोरा में प्रदर्शन कर पैदल यात्रा की गई। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रदेश युकांध्यक्ष कोको पाढ़ी, प्रदेश संगठन प्रभारी एकता ठाकुर भी पहुंचे थे। इन पदाधिकारियों के स्वागत अभिनंदन के लिए कटघोरा शहर में डेढ़ दर्जन से अधिक बैनर-फ्लैक्स लगवाए गए। इन फ्लैक्सों में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी से लेकर क्षेत्रीय सांसद, विधायक, मंत्री व पदाधिकारियों की बड़ी-बड़ी तस्वीरें छपी नजर आई लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का चेहरा कहीं भी देखने को नहीं मिला। इसे लेकर कटघोरा नगर में खासी चर्चा है जबकि जिले के पदाधिकारी भी इस आयोजन में शामिल होने पहुंचे थे लेकिन किसी ने भी इस पर गौर नहीं किया।

चर्चा तो यह भी गर्म है कि कहीं ये फ्लैक्स और बैनर राजनीतिक गुटबाजी के शिकार तो नहीं हुए? वैसे भी प्रदेश में ढाई-ढाई साल का मुख्यमंत्री रहने का मामला गर्माया हुआ है और जिस तरह से आज युवा कांग्रेस के फ्लैक्स व बैनरों से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तस्वीर गायब हुई इससे खेमेबाजी को बल देने वाला बताया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि इस बड़ी चूक अथवा खेमेबाजी के चक्कर में जानबूझकर की गई सीएम की अनदेखी को लेकर कार्यक्रम के आयोजक (बाबा खेमा) को प्रदेश युकांध्यक्ष द्वारा अवगत होने पर फटकार भी लगाई गई।

Advertisement Carousel