Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा जर-जोरू-जमीन पर साढू की बिगड़ी नीयत, सुपारी किलर महिला से करा दी...

जर-जोरू-जमीन पर साढू की बिगड़ी नीयत, सुपारी किलर महिला से करा दी साढू भाई की हत्या… जानें कैसे दिया अंजाम


0 देह व्यापार में संलिप्त महिला और उसके सहयोगी सहित 7 आरोपी गिरफ्तार
0 आरोपियों में मृतक की चूड़ियाही पत्नी भी शामिल

कोरबा (खटपट न्यूज)। साढू भाई की पत्नी पर नीयत रखने और उसके साथ चले आ रहे लंबे समय के अवैध संबंध का खुलासा होने के बाद पति को रास्ते से हटाने योजनाबद्ध तरीके से हत्या करा दी गई। मास्टर माइंड साढू चूड़ियाही पत्नी के अलावा जर और जमीन पर भी नजर गड़ाए बैठा था। बड़ा ही तेज जहर सुहागा का इस्तेमाल डिप्टी रेंजर को मारने में किया गया। उसे मारने की सुपारी देह व्यापार में संलिप्त महिला को दी गई थी जिसने अपने 4 सहयोगियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। महज 48 घंटे के भीतर दबोचे गए ये सभी आरोपी सलाखों के पीछे हैं।


कटघोरा वनमंडल के कसनिया जांच नाका में पदस्थ एवं फॉरेस्ट कालोनी निवासी डिप्टी रेंजर कंचराम पिता पूरन पाटले 58 वर्ष की संदिग्ध हालात में मौत 13-14 मार्च के मध्य हुई थी। 13 मार्च को शाम 7.30 बजे वह कसनिया नाका ड्यूटी के लिए गया लेकिन वहां नहीं पहुंचा और दूसरे दिन सुबह करीब 11 बजे लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर सुतर्रा बेरियर के पास सड़क किनारे जंगल में लाश मिली। प्रकरण में सत्यनारायण पाटले की सूचना पर मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की गई। मृतक का मोबाइल उसके पास से गायब था और मौत से पहले किसी का फोन आया था। मोबाइल नंबर को साइबर सेल के जरिए ट्रेस कराया गया जो बिलासपुर जिले के राजकिशोर नगर निवासी पूर्णिमा साहू का निकला। यह महिला देह व्यापार में संलिप्त रही है। इसके साथ ही मृतक की चूड़ियाही पत्नी संतोषी बाई पाटले और उसके जीजा याने मृतक के साढू नरेन्द्र्र टंडन के मध्य अवैध संबंध की जानकारी पर इन्हें भी पूछताछ के दायरे में रखा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर सेवन से मौत का कारण स्पष्ट हुआ तो जांच में तेजी आई। कटघोरा थाना का प्रभार संभाल रहे एसआई अशोक शर्मा ने बताया कि मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ में दोनों टूट गए। इनकी जानकारी के आधार पर और त्वरित कार्यवाही करते हुए 5 अन्य आरोपियों को बिलासपुर व जांजगीर-चांपा से गिरफ्तार कर सुहागा नामक जहर की बोतल, दोपहिया वाहन एसपी साइन सोल्ड, स्वीफ्ट कार आदि को जब्त किया गया। सभी आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 69/2021 पर धारा 302, 201, 120 बी, 328, 365, 34 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
0 सुपारी किलर के परिचित हैं सभी आरोपी
कटघोरा के प्रभारी एसडीओपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि मास्टर माइंड नरेन्द्र टंडन ने मित्र राजेश कुमार उर्फ राजू जांगड़े पिता गोवर्धन प्रसाद 42 वर्ष निवासी ग्राम कोरबी महंत जांजगीर के सहयोग से उसके परिचित राजकिशोर नगर निवासी देहव्यापार में पूर्व संलिप्त पूर्णिमा बाई साहू 34 वर्ष से संपर्क किया और ढाई लाख रुपए की सुपारी दी। पूर्णिमा ने अपने प्रेमी लिंगियाडीह निवासी कमल कुमार धुरी पिता जीवनलाल 32 वर्ष और उसके मित्र ऋषि कुमार उर्फ गुड्डू पिता स्व. मोहनलाल कौशिक 26 वर्ष निवासी बिजौर सरकण्डा तथा पूर्णिमा के करीबी स्वीफ्ट कार क्रमांक सीजी-10एडी-8804 के मालिक सह चालक रामकुमार श्रीवास पिता स्व. रामनाथ 66 वर्ष निवासी बड़े कोनी बिलासपुर के सहयोग से घटना को अंजाम दिया।
0 पत्नी के बाद संपत्ति और नौकरी पर थी नजर
मास्टर माइंड नरेन्द्र संतोषी का जीजा है और दोनों के अवैध संबंध की जानकारी मृतक को हो गई थी। इस बीच नरेन्द्र ने कंचराम से रुपए लेकर ट्रैक्टर खरीदा और बेच भी दिया। संतोषी ने पूर्व पत्नी के जेवरों को जीजा के हवाले कर दिया था। कंचराम की 10-12 एकड़ पैतृक भूमि, पक्का मकान एवं नौकरी पर साढू की नीयत खराब हो गई। साली संतोषी को सुखद भविष्य का सपना दिखाकर नौकरी, पेंशन एवं पैतृक जमीन को लेने की सहमति ले लिया। करीब 1 माह पहले योजनाबद्ध तरीके से संतोषी विवाद कर जीजा के पास चली गई और फिर दोनों ने मिलकर कंचराम को रास्ते से हटाने की योजना पर काम किया।
0 इन अधिकारी-कर्मचारियों की रही अहम भूमिका– कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा के निर्देशन, एएसपी कीतर्न राठौर के मार्गदर्शन, प्रभारी एसडीओपी रामगोपाल करियारे के नेतृत्व और कटघोरा थाना के प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक शर्मा की अगुवाई में उपनिरीक्षक राजेश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक द्वय सन्दीप पांडेय, एनएस पैकरा, महिला प्रधान आरक्षक इंदू राजपूत, आरक्षक शिवशंकर परिहार, रजत कैवर्त, सूरज भारद्वाज, संतोष घोष, महिला आरक्षक निर्मला और रीटा तिग्गा की अहम भूमिका रही। इनके अतिरिक्त पूरे जांच के दौरान सायबर सेल, डॉग स्क्वाड व एफएसएल की टीम ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। बिलासपुर व जांजगीर जिले की पुलिस का भी सहयोग प्राप्त हुआ।

Advertisement Carousel