
कोरबा(खटपट न्यूज़)। एसईसीएल आईटीआई अप्रेंटिस के छात्रों से नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे रुपए वसूलने का आरोप लगाकर एनएसयूआई ने भारतीय आईटीआई अप्रेंटिस संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील निर्मलकर के विरुद्ध अपराध दर्ज करने की मांग की है। इसके पहले एनएसयूआई ने छात्रों के साथ बालको में सुशील निर्मलकर के निवास के पास पहुंच कर प्रदर्शन किया।
एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव शुभांक लकी मिश्रा ने इस संबंध में बालको थाना में लिखित शिकायत करते हुए कहा है कि सुशील निर्मलकर निवासी बालको के द्वारा नवंबर 2021 में गेवरा क्षेत्र में धरना एवं हड़ताल के दौरान लोगों को नौकरी लगाने के नाम से लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए एक हजार रुपए की मांग की गई थी।

इनके द्वारा यह भी कहा गया था कि जिनका-जिनका लिस्ट में नाम होगा केवल उन्हीं का नौकरी लगेगा। ऐसा कहकर लगभग 3000 से 3500 लोगों से लाखों रुपया ऑनलाईन एवं ऑफलाइन एक-एक हजार रुपए लिया गया। छात्रों द्वारा कई बार पैसों का हिसाब मांगने पर भी नहीं दिया गया। श्री निर्मलकर भारतीय आईटीआई अप्र्रेंटिस संघ के नाम से संगठन बताते हैं परंतु इनके संगठन का कोई पंजीयन नहीं है और इनका कोई पदाधिकारी नहीं है। केवल अपने आप को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बताते फिरते हैं। एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव ने कहा है कि यदि शांतिपूर्वक छात्रों का पैसा वापस दिलाने के लिए कार्यवाही की जाए साथ ही रुपए वापस नहीं करने की स्थिति में उचित कार्यवाही कर एफआईआर दर्ज किया जाए। बालको थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक ने बताया कि इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है जिसकी जांच-पड़ताल की जाएगी। दूसरी ओर इस मामले में सुशील निर्मलकर का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया किन्तु उनका नंबर डायवर्ट बताता रहा।
















