कोरबा(खटपट न्यूज़)। चुनाव के मौसम में वरिष्ठ श्रमिक नेता रेशमलाल यादव के भी कदम लड़खड़ा गए। भाजपा समर्थित श्रमिक संगठन हिंद मजदूर सभा एचएमएस के वरिष्ठ पदाधिकारी रेशम लाल यादव भारतीय जनता पार्टी से कटघोरा विधानसभा के लिए टिकट की दौड़ में शामिल हुए लेकिन मायूसी मिली। मायूसी के आलम में उन्हें अप्रत्यक्ष तौर पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) जोगी कांग्रेस का सहारा मिला और आनन-फानन में जोगी कांग्रेस का गुलाबी गमछा पहनकर उसके हो लिए। जोगी कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी दीप नारायण सोनी, वैभव शर्मा, पवन अग्रवाल आदि ने बड़े ही हर्ष के साथ उनका स्वागत किया और इसके साथ ही यह भी ऐलान कर दिया गया कि रेशम लाल यादव कटघोरा विधानसभा से जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे। रेशम लाल के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और वह भी खुशी में चूर हो गए जो रेशम लाल के खेमे से हैं और टिकट की मांग कर रहे थे। वे बैकफुट पर चले गए और रेशम आगे हो गए। रात भर यह खुशी दिल में समय रखे लेकिन आज दोपहर में रेशम समर्थकों की यह खुशी काफ़ूर हो गई जब घोषित सूची में कटघोरा विधानसभा के लिए उनका नाम दूर-दूर तक नजर नहीं आया।
अब इसके पीछे की कहानी यह रही कि रेशम लाल यादव भाजपा समर्थित श्रमिक संगठन के पदाधिकारी तो हैं ही और उनके पुत्र अनूप यादव नगर पालिका परिषद दीपका के उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ संगठन में पदाधिकारी भी हैं। पुत्र की निष्ठा भाजपा के प्रति और पिता भी इस संगठन से होने के बावजूद जोगी कांग्रेस का दामन थाम लिए तो भाजपा में खलबली मच गई। उनके चुनाव लड़ने से भाजपा के वोट पर पूरा-पूरा असर पड़ने की भी संभावना प्रबल हुई। यह भी पता चला कि भाजपा का वोट गड़बड़ाने के लिए यह सब किया जा रहा है तो संगठन द्वारा आनन-फानन में भाजपा के एक युवा पदाधिकारी को इस काम में लगाया गया। उसने रेशम लाल यादव से संपर्क कर इरादे को बदलने में सफलता हासिल कर ली। अंततः रेशम लाल यादव ने जोगी कांग्रेस से चुनाव लड़ने का विचार त्याग दिया।