
कोरबा-पाली/चैतमा (खटपट न्यूज़)। पाली विकासखण्ड के ग्राम पंचायत चैतमा की महिला सरपंच ने वार्ड क्र. 2 की पंच तुलसी श्रीवास्तव पर जातिगत गाली-गलौज करने व आदिवासी, अनपढ़ कहकर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
चैतमा की महिला सरपंच श्रीमती विपति बाई ने पाली थाना में शिकायत करते हुए बताया कि वह धनवार आदिवासी समाज की है। 19 सितंबर को भारत भवन में सचिव की उपस्थिति में बैठक का आयोजन किया गया था तथा शासकीय कार्यों का संचालन हो रहा था, जिसमें ग्राम पंचायत चैतमा के सभी वार्ड पंच ललिता बाई वार्ड क्र. 1, कृष्णा बाई वार्ड 3, विमला बाई वार्ड 4, तीजरात्री कंवर वार्ड 5, अमरीका बाई वार्ड 6, बसंती बाई वार्ड 9, उषा बाई वार्ड 10, संध्या सिंह तंवर वार्ड 11, शहीदा बेगम वार्ड 12, सुकालु प्रजापति उपसरंच वार्ड 13, लतेल राम पटेल वार्ड 14, अशाक सिंह वार्ड 16, शिवपाल सिंह वार्ड 17, श्रीमती नीरा देवी वार्ड 19, मुरित राम वार्ड 20 उपस्थित थे। इसी समय वार्ड क्र.-2 की उपस्थित पंच तुलसी श्रीवास्तव व्यक्तिगत विवाद करते हुए अपने पति किशन श्रीवास्तव द्वारा संचालित छड़, सीमेंट दुकान से लेन-देन की बात को लेकर अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी देने लगी। इससे शासकीय कार्य प्रभावित हुआ जबकि दुकान का किसी प्रकार का लेन-देन रहा होगा उसकी जानकारी सरपंच के पति एवं वार्ड क्र. 02 पंच की पति के मध्य की बात है, किन्तु शासकीय कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करने व अपमानित करने के आशय से भरी पंचायत में पंच ने सरपंच को आदिवासी एवं अनपढ़ अंगूठा छाप कह कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। सरपंच के साथ-साथ संपूर्ण पंचायत को अंगूठा छाप कह कर जलील किया। पंच ने यह भी कहा कि तुम आदिवासी लोग दारु-मुर्गा खिला-पिलाकर चुनाव जीत आते हो, तुम लोगों को बातचीत करने की तमीज नहीं है। उक्त महिला पंच के द्वारा जातिगत शब्दों का प्रयोग करते हुए आदिवासी अनपढ़ कह कर अपमानित किया गया है जिससे अत्यधिक बुरा लगा और पंचायत में उपस्थित सभी पंच को भी उसके द्वारा किए गए व्यवहार एवं अपमानित जातिगत विद्वेशपूर्ण उच्चारित बातों को सुनकर उन्हें भी काफी बुरा लगा है। ग्राम पंचायत चैतमा की सरपंच ने पाली थाना में शिकायत कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।















