
कोरबा(खटपट न्यूज़)। प्रदेश सहित कोरबा जिले में भी कोरोना का संक्रमण व्यापक होता जा रहा है। शहर से लेकर उप नगरीय और ग्रामीण अंचलों में इसके संक्रमितोंं की संख्या बढ़ रही है। ग्राम कनकी भी इसमें शामिल है जहां पिछलेे दिनों कई मरीज निकले थे। अभी जिला प्रशासन के द्वारा जहां घर-घर सर्वे कराया जाकर लक्षणत्मक मरीजों की जानकारी ली जा रही है वही संक्रमण का पता लगाने के लिए रैंडम जांच भी कराई जा रही है। जिनमें भी सर्दी, जुकाम, बुखार, स्वाद का महसूस ना होना आदि कोरोना संबंधी लक्षण हैं, उनकी जांच के साथ ही कुछ ही घंटे में रिपोर्ट भी प्राप्त हो रही है इसी कड़ी में ग्राम पंचायत कनकी के लोगों का भी कोरोना टेस्ट किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार को ग्रामीणों का टेस्ट करने के बाद उसके अपशिष्ट को खुले में ही फेंक़ दिया गया। मिडिल स्कूल के सामने खुले में कोरोना जांच की सामग्री के अपशिष्ट छोड़ जाने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश देखा जा रहा है। गांव के बीचो बीच उक्त स्थल पर जो कि आदिवासी बालक छात्रावास कनकी के मुख्य द्वार के ठीक सामने फेंका गया है, ग्रामवासियों में स्वास्थ्य कर्मियों की इस घोर लापरवाही पर गहरी नाराजगी है वहीं संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं के बीच इस तरह की गैर जिम्मेदाराना हरकत को अनुचित ठहराया है।
















