
कोरबा,(खटपट न्यूज़)। सिटी कोतवाली अंतर्गत सीतामणी क्षेत्र के दो बच्चे मंगलवार को हसदेव नदी में बह गए थे। इन दोनों की तलाश पुलिस, गोताखोर के बच्चों के परिजनों द्वारा शुरू की गई। कल रात हो जाने की वजह से उफनती हसदेव में बच्चों को तलाशना काफी मुश्किल रहा। आज भोर होते ही फिर बच्चों की तलाश नदी में शुरू की गई। काफी कोशिशों के बाद सुबह एक बच्चे की मृत देह बरामद हो सकी जबकि दूसरे की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी है।
एक बच्चे आयुष (आरुष) का शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और तलाश में जुटे लोगों की भी आंखें छलक उठीं। शव को परिजनों के सुपुर्द करने पुलिस वैधानिक कार्यवही कर रही है।

बता दें कि सीतामणी हटरी के पास निवासी दीपांशु सोनी पिता जितेंद्र सोनी 11 वर्ष व आयुष केंवट पिता शिव केंवट पांच वर्ष व एक और किशोर मंगलवार को सीतामणी रेत घाट के पास हसदेव नदी में नहाने गए हुए थे। नहाते वक्त पानी के तेज बहाव में ये अपने आप को संभाल नहीं सके और बहने लगे। तीसरा बच्चा तैरकर किसी तरह बाहर निकल गया लेकिन दीपांशु और आयुष बह गए। बचकर बाहर निकले बच्चे ने आसपास लोगों को इसकी जानकारी दी और देखते-देखते स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सूचना उपरांत घटनास्थल पर पुलिस पहुंची व गोताखोरों की मदद से बच्चों की खोज नदी में शुरू की थी।













