Saturday, March 7, 2026
Home कोरबा अवैध संबंध : पत्नी की हत्या करने भाई के साथ पहुंचा था...

अवैध संबंध : पत्नी की हत्या करने भाई के साथ पहुंचा था पति, शराब पीने गया वृद्ध जान गंवा बैठा, प्रेमी पर भी जानलेवा हमला

0 हत्या के बाद फरार आरोपी दोनों भाई गिरफ्तार, टांगी भी बरामद
कोरबा-पाली (खटपट न्यूज)। शराब विक्रेता महिला के घर शराब पीने के लिए गए एक वृद्ध को जान से हाथ धोना पड़ा। गांव के ही एक युवक से अवैध संबंध रखने वाली इस महिला के पति ने अपने भाई के साथ उसकी हत्या करने हमला किया लेकिन नशे में धुत्त होकर सोए वृद्ध को पत्नी समझकर धड़ाधड़ टांगी चला दिया। वृद्ध जान गंवा बैठा और पास में ही सोया प्रेमी भी गुस्से का शिकार हुआ लेकिन शोर मचाकर जान बचा लिया। पत्नी दूसरे कमरे में सोने के कारण बच गई।
गौरतलब है कि कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बांधाखार नीम चौक निवासी वृद्ध चमरा सिंह की 17 सितंबर को रक्त रंजित लाश गांव के मीना बाई कोल के घर में मिली थी। इस मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मृतक के पुत्र मनोहर सिंह मरावी 35 वर्ष के द्वारा उसके पिता की 16 सितंबर की रात 7-8 बजे घर से निकलने और अधिकतर मीना बाई कोल के यहां जाकर शराब पीने के लिए जाने व घर वापस नहीं लौटने की सूचना दी गई थी। 17 सितंबर को सुबह 8 बजे ग्राम सरपंच तानू सिंह मरावी ने मनोहर को उसके पिता के मीना बाई के घर में लहूलुहान मृत हालत में पड़े होने की सूचना दी। मनोहर सिंह वहां पहुंचा तो मीना बाई के घर के एक कमरे में चमरा सिंह मृत पड़ा था और उसके सिर पर गंभीर चोट थे। मीना बाई और पड़ोसी घायल शिव सिंह वहां कुर्सी पर बैठे मिले। शिव सिंह के गले, पीठ और सीने में चोट थे। मामले में पुलिस ने मीना बाई व शिव सिंह से गहन पूछताछ की तो ज्ञात हुआ कि घटना दिनांक की रात मीना का पति गोरेलाल 45 वर्ष और उसका भाई मूरित राम कोल 30 वर्ष दोनों पिता सुरूज लाल निवासी ग्राम बांधाखार शराब के नशे में धुत्त होकर मीना की हत्या करने की नीयत से घर आए थे।


टीआई श्री राठौर ने खटपट न्यूज को बताया कि दोनों भाई कमरे में घुसे जहां औंधे मुंह वृद्ध चमरा सिंह सोया हुआ था और पास के बाजवट पर शिव सिंह सोया था। वृद्ध को अपनी पत्नी मीना समझकर गोरेलाल ने टांगी से लगातार 3 वार किया और तत्काल मौत हो गई। इसके बाद शिव सिंह का गला काटने टांगी चलाया लेकिन शिव की नींद उचट गई और बचाव किया। उसके कंधे व गर्दन में जख्म आए हैं। शिव ने जोर-जोर से शोर मचाया तो गोरेलाल व मूरित राम भाग निकले। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मीना बाई अपने मकान के ही एक अन्य कमरे में बच्चे के साथ सोई हुई थी। एसपी अभिषेक मीणा, एएसपी कीर्तन राठौर, एसडीओपी पंकज पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगी को जब्त कर दोनों को जेल दाखिल कराया। इस पूरे मामले को सुलझाने में टीआई के साथ प्रधान आरक्षक हिरावन सरूते, आरक्षक शैलेन्द्र तंवर, राजेश राठौर, प्रवीण कश्यप की अहम भूमिका रही।


0 पति को मारपीट कर घर से निकाल दिया था पति ने

बताया गया कि महिला का उसके पति गोरेलाल से वैवाहिक संबंध कुछ ठीक नहीं था। पत्नी की बेजा हरकतों से गोरेलाल परेशान भी रहता था। उसने शिव सिंह के साथ पत्नी को आपत्तिजनक हालत में पकड़ भी लिया था तब दोनों घर से भाग गए थे। इस मामले में गोरेलाल ने पंचायत भी बुलाई पर पत्नी ने पंचायत की बात नहीं मानी और अपने पति को ही घर से मारपीट कर निकाल दिया। अपने घर में रह रहे गोरेलाल ने सबक सिखाने की ठान रखी थी और 16 सितंबर को शिव सिंह के संबंध में पता चला कि वह उसके घर जाने वाला है तब उसे खत्म करने के लिए गोरेलाल ने अपने भाई मूरित राम से मदद मांगी थी।
Advertisement Carousel