
कोरबा(खटपट न्यूज़)। ऑल इंडिया स्तर पर पहली बार ऑनलाइन आयोजित हुए मेकअप कॉन्पिटिशन- 2020 में कोरबा जिले ने भी अपना स्थान मुकम्मल किया है। मिस कोरबा ब्यूटी पार्लर उषा शर्मा जहां निर्णायक टीम में शामिल रहीं वहीं कोरबा की गौरीशंकर साहू ने तीसरा स्थान प्राप्त कर जिला व अपने निवास क्षेत्र बांकीमोंगरा का नाम रोशन किया है। ऑनलाइन ब्राइडल मेकअप कॉन्पिटिशन-2020 का आयोजन सेजल इंटरनेशनल एकेडमी पुणे के तत्वाधान एवं छत्तीसगढ़ के रेणुका ब्यूटी ग्रुप के सहयोग से संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल में शामिल होने के लिए देश भर से 45 प्रतिभागियों का चयन हुआ था। इनमें कोरबा जिले के 2 प्रतिभागी गौरीशंकर साहू शिवा एवं आरती आदित्य का भी चयन हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल पुणे और मुंबई में ऑनलाइन हुआ जिसमें बांकीमोगरा निवासी गौरीशंकर साहू शिवा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया जबकि आरती आदित्य को बेस्ट रिव्यूस के लिए चुना गया। इस तरह कोरबा के दोनों प्रतिभागियों ने ऑल इंडिया स्तर पर नाम ऊंचा किया है। कोरबा जिले से जज के रूप में शामिल मिस कोरबा ब्यूटी पार्लर एंड सैलून उषा शर्मा ने बताया कि प्रथम स्थान पर हेमा बेतवाल, मंजुला, किशोरी सालुंखे द्वितीय स्थान पर कृष्णा प्रिया पायल जैन, प्रियंका जाधव एवं तीसरे स्थान पर गौरीशंकर साहू के अलावा मिनोति कर्मारकर व दीपाली पाटिल को चुना गया।

इनके अलावा बेस्ट आउटफिट रेखा केछे, बेस्ट काउंटरिंग प्रियंका मलिक, बेस्ट लुक रागिनी ग्रोवर व रूपाली ठक्कर, बेस्ट लिपिस्टिक अमृता टंडन, बेस्ट फेस मेकिंग कल्पना कदम, बेस्ट आई मेकअप प्रकाश थोराट व सोनाली रावल, बेस्ट बेस एप्लीकेशन सुखविंदर, प्रेजेंटेशन विद हाइजीन स्वाति अगाडे, बेस्ट ब्लशर एप्लीकेशन प्रीति बोहिर और बेस्ट रिव्यूज के लिए नांदेड की संध्या व कोरबा की आरती आदित्य चुनी गई। स्पर्धा में प्रमुख रूप से बॉलीवुड मेकअप आर्टिस्ट श्री आमोद मुंबई, इंटरनेशनल मेकअप आर्टिस्ट राजू अर्पे मुम्बई, श्रीकांत पुणे, पूजा एलिवर मुंबई, सेजल इंटरनेशनल एकेडमी पुणे की अजीता एवं रेणुका ब्यूटी ग्रुप छत्तीसगढ़ से आर माने ने निर्णायक की भूमिका निभाई। निर्णायकों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।













