
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कियोस्क बैंक के कई संचालकों के कामकाज के तरीके पर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। ग्रामीण अंचलों में संचालित कियोस्क बैंक के कुछ संचालक बड़ी ही चालाकी से खाताधारक हितग्राहियों की राशि में हेर-फेर कर गबन करते आ रहे हैं।
कुछ इसी तरह का मामला भारतीय स्टेट बैंक की कियोस्क बैंक शाखा भैंसमा में सामने आया है। यहां एक छात्रा गबन का शिकार हुई है। बताया गया कि 15 सितंबर को ग्राम रौनाढाप पंचायत डोंगदरहा की निवासी छात्रा ममता कुमारी अपना आधार कार्ड नंबर लेकर 3500 रुपए निकालने गई थी। कियोस्क संचालक द्वारा 3500 रुपए का गबन कर लिया गया और रजिस्टर पर ममता का हस्ताक्षर करा लिया गया। इसके बाद लिंक फेल होने की बात कह कर अगले महिने से पैसा निकालने के लिए कहा गया। छात्रा ममता ने कियोस्क संचालक की बात मान ली लेकिन जब इसकी जानकारी अपने बड़े भाई रमेश कुमार को दी तो उसने अपने स्तर पर कियोस्क संचालक से जानकारी हासिल की। रमेश कुमार ने इसका वीडियो बना लिया और हैरानी तब हुई जब कियोस्क संचालक द्वारा लेन-देन के रजिस्टर पर बहुत से खाताधारकों का नाम दर्ज कर उसके सामने राशि लिखे बगैर सिर्फ हस्ताक्षर करा लिया है। छात्रा के कियोस्क बैंक की मिनी स्टेटमेंट में 15 सितंबर को 1500 व 3300 रुपए निकलना दर्शित हो रहा है जबकि 3500 की रकम छात्रा के हाथ में आई ही नहीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि संचालक द्वारा अनपढ़ व कम पढ़े-लिखे लोगों के साथ इस तरह की धोखाधड़ी की जाती है।
















