
कोरबा (खटपट न्यूज)। बांकीमोंगरा क्षेत्र में 6 वर्षीय बालिका की करंट की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। कूलर में आ रहे करंट की चपेट में आ जाने से बच्ची मौके पर ही बेसुध होकर गिर गई। आनन-फानन में उसे परिजनों ने बांकीमोंगरा के एसईसीएल चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। बांकीमोंगरा थाना अंतर्गत शक्ति चौक निवासी उमेश अहिरवार की 6 वर्षीय पुत्री कु. पिहू अहिरवार आज सुबह अपने पड़ोस में रहने वाली सहेली के घर खेलने गई हुई थी। सहेली के घर पर चल रहे कूलर में करंट आ रहा था जिसका पता बच्ची को नहीं था। कूलर के संपर्क में आते ही पिहू अचेत होकर गिर पड़ी। सहेली के परिजनों ने पिहू के माता-पिता को इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में उसे बांकीमोंगरा के विभागीय चिकित्सालय लाया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि घर के लोगों को भी कूलर में करंट आने की बात पता नहीं थी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।















