Saturday, March 7, 2026
Home कोरबा एनटीपीसी में हिंदी दिवस समारोह के साथ पखवाड़े का शुभारंभ, वरिष्ठ साहित्यकार...

एनटीपीसी में हिंदी दिवस समारोह के साथ पखवाड़े का शुभारंभ, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दुर्गा प्रसाद का किया गया सम्मान

कोरबा। हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह के साथ ही एनटीपीसी कोरबा में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ हो गया. समारोह में देश के जाने-माने हिंदी साहित्यकार डॉ. दुर्गा प्रसाद अग्रवाल का हिंदी शिक्षा, हिंदी कथा साहित्य की आलोचना एवं अनुवाद कार्य में महत्वपूर्ण योगदान के लिए अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया गया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए एनटीपीसी लिमिटेड, कोरबा के कार्यकारी निदेशक अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने हिंदी पखवाड़े के उद्घाटन पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आधुनिक प्रौद्योगिकी के माध्यम जैसे कि स्मार्टफोन, कंप्यूटर व अन्य डिजिटल माध्यमों में हिंदी भाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए ई-टूल्स को विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। हमें हिंदी के क्रियान्वयन में इन आधुनिक माध्यमों का प्रयोग करना चाहिए.उन्होंने उपस्थित सभी विभागाध्यक्षों से अपील करते हुए कहा कि राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने के हरसंभव प्रयास किये जाएं।


इस अवसर मुख्य अतिथि डॉ. दुर्गाप्रसाद अग्रवाल ने हिंदी दिवस पर अभिनंदन करने के लिए एनटीपीसी का आभार व्यक्त करते हुए वर्तमान में हिंदी भाषा की दशा और दिशा पर विस्तृत रूप से अपने विचार व्यक्त किये. उन्होंने अपने संबोधन में देश की सभी भाषाओं का सम्मान करने की बात कही। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आज हिंदी को विश्व स्तर पर पहचान मिल रही है और इस भाषा का भविष्य उज्ज्वल है. इंटरनेट पर इस भाषा का कंटेंट समय के साथ बढ़ा है और तकनीक में भाषा का सदुपयोग होने है जिससे हिंदी में संवाद कायम करना आसान हो गया है.
इससे पूर्व मानव संसाधन विभाग के अध्यक्ष सिद्धार्थ शंकर दास ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया और उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) बिजय कुमार स्वाइॅं ने एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक की हिंदी दिवस अपील का वाचन किया।
कोविड-19 के संक्रमण की समस्या के चलते कार्यक्रम का आयोजन ई-प्लेटफार्म के माध्यम से किया गया. समारोह में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एम रघुराम, सभी महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, यूनियन व एसोसिएशन के पदाधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Advertisement Carousel