Saturday, March 7, 2026
Home कोरबा चिकित्सक दंपति व स्टॉफ से मारपीट का मामला : पुलिस ने आरोपियों...

चिकित्सक दंपति व स्टॉफ से मारपीट का मामला : पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध किया पंजीबद्ध

कोरबा। कोसाबाड़ी स्थित नवजीवन नर्सिंग होम के संचालक व चिकित्सक डॉ. रोहित बंछोर व उसकी पत्नी तथा स्टाफ के साथ मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।
रामपुर चौकी अंतर्गत कोसाबाड़ी में डॉ. रोहित बंछोर द्वारा नवजीवन नर्सिंग होम का संचालन किया जाता है। वे अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ भी है। विगत 16 अगस्त की सुबह लगभग 11 बजे उनके नर्सिंग होम में उरगा थाना अंतर्गत ग्राम तिलकेजा निवासी डॉ. प्रीतिबाला कौशिक को डिलवरी के लिए लाया गया था। अपरान्ह 3.30 बजे नार्मल डिलवरी नहीं होने की स्थिति में ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया जिसके लिए निश्चेतन विशेषज्ञ डॉ. एम. पाल को क्लीनिक में बुलाया गया। ऑपरेशन पूर्व तैयारी के समय पाया गया कि गर्भनाल बाहर आ गई है जिससे बच्चे धड़कन गर्भ में ही बंद हो गई है। ऑपरेशन न कर मृत शिशु को सामान्य प्रसुति से बाहर निकाला गया। इसके दूसरे दिन 17 अगस्त की शाम प्रसुता प्रीति कौशिक के पति शशिकांत कौशिक, उनके परिजन विजेन्द्र जायसवाल व अन्य लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। डॉ. रोहित बंछोर, उनकी पत्नी अल्का बंछोर, स्टाफ नर्स रूकमणी यादव, लैब टेक्नीशियन राहुल दत्ता के साथ मारपीट की गई। मामले में चिकित्सक डॉ. बंछोर ने जिले के चिकित्सकों को घटनाक्रम से अवगत कराते हुए उनसे राय लेने के बाद रामपुर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई जिस पर मामले में रामपुर चौकी पुलिस ने आरोपी शशिकांत कौशिक, विजेन्द्र जायसवाल व अन्य के खिलाफ धारा 294, 506, 323, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
चिकित्सकों में भारी आक्रोश- भारतीय चिकित्सा संघ कोरबा इकाई ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उनका कहना है कि चिकित्सक के साथ जो घटना हुई है वह निंदनीय है। घटना में पुलिस द्वारा जिस तरह से अपराध पंजीबद्ध करने में लेट लतीफी की है उसे लेकर भी उन्होंने आपत्ति जताई है। घटनाक्रम की रिकार्डिंग पुलिस व प्रशासन के उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत भी किया गया है।

Advertisement Carousel