
कोरबा (खटपट न्यूज)। शहर के मध्य टीपी नगर क्षेत्र और उपनगरीय इलाकों से ट्रेलर वाहनों की चोरी का मामला पुलिस व सायबर सेल की टीम ने मिलकर सुलझा लिया है। चोर गिरोह में शामिल 4 लोगों की गिरफ्तारी की गई है वहीं ट्रेलर वाहनों के नाम पर उनके टुकड़े बरामद हुए हैं। चोरी के ट्रेलर खरीदने और कट पीस में तब्दील करने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर सभी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। फरार एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार सीएसईबी पुलिस सहायता केन्द्र अंतर्गत टीपी नगर स्थित महिन्द्रा शो-रूम के सामने आशीर्वाद प्वाइंट के पास से एक पुराना ट्रेलर क्रमांक-सीजी 12 एस 1305 की चोरी 3-4 दिसंबर के मध्य कर ली गई थी। मालिक मो. मंसूर अंसारी की रिपोर्ट पर धारा 379 का जुर्म दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की गई। चूंकि इस चोरी से पहले 22 फरवरी को टीपी नगर से ट्रेलर क्रमांक-सीजी 12 एस 1837 13 फरवरी को दर्री स्याहीमुड़ी से ट्रेलर क्रमांक सीजी-22 एसी 6619 एवं 26 नवंबर को दीपका में एसीबी कोल वाशरी के सामने से ट्रेलर क्रमांक-सीजी 12 एस 6013 की भी चोरी की गई थी। इस तरह लगातार ट्रेलर की चोरी के मामलों को पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने गंभीरता से लिया और महिन्द्रा शो-रूम के सामने से चोरी गए ट्रेलर के मामले में पुलिस व सायबर सेल की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। फुटेज और तकनीकी तौर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर संदेही भोलेश पाल और उसके सहयोगियों को पकडक़र गहन पूछताछ की गई। इन्होंने उक्त सभी ट्रेलर वाहनों की चोरी करना स्वीकार किया।
0 रायपुर में बेचा, कबाड़ी ने टुकड़ों में बांट दिया
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए ट्रेलरों को रायपुर जिले के सरोरा बस्ती उरला निवासी गाजी खान व राशीद खान उर्फ बाबू के पास बिक्री कर दिया। इन दोनों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ में 4 ट्रेलर खरीदना और सभी ट्रेलर को टुकड़ों में काटकर अपने परिचित एक अन्य कबाड़ व्यवसायी के पास बेचना बताया। पुलिस ने मंसूर अंसारी के ट्रेलर के कुछ पार्ट्स सहित 7 मोबाइल, एक देशी कट्टा, नगदी 50 हजार रुपए, 2 मोटरसायकल, 1 बोलेरो जब्त किया है।
0 जेल भेजे गए सभी आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में भोलेष पाल पिता जगदीश प्रसाद 25 वर्ष हास्पिटल रोड दर्राखांचा हरदीबाजार, विनोद कुमार आदित्य पिता शिवकुमार 35 वर्ष कहरापारा बलौदा, संदीप कुमार राय पिता तुलसी राय 28 वर्ष बाजारपारा बलौदा, किर्ती कुमार शर्मा उर्फ यश पिता विजय कुमार शर्मा 28 वर्ष खिसोरा थाना बलौदा हाल मुकाम वार्ड नं. 52 अशोकनगर थाना सरकण्डा बिलासपुर एवं खरीदार गाजी खान पिता सबीर खान 44 वर्ष नयापारा फूल चौक गोलबाजार रायपुर, रासिद खॉन उर्फ बाबू पिता मोहम्मद खॉन 51 वर्ष गाजीनगर बीरगांव रायपुर शामिल हैं। इन सभी को धारा 379, 120 बी, 201, 34, 411, 413 भादवि तथा 25 आम्र्स एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर जेल दाखिल कराया गया है। उक्त कार्यवाही में चौकी प्रभारी सीएसईबी उप निरीक्षक नवीन पटेल, एएसआई छेदीलाल जाटवर, प्रधान आरक्षक सुधांशु शर्मा, उदय सिंह आरक्षक देवनारायण कुर्रे, विनोद तिवारी, गोपीराम दिव्य, पुरुषोत्तम मुखर्जी, सूरज खरे, लखन लाल रात्रे एवं सायबर सेल प्रभारी एएसआई अजय सोनवानी, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, राजेश कंवर, चन्द्रशेखर पाण्डेय, आरक्षक डेमन ओग्रे, विरकेश्वर सिंह, प्रशांत सिंह, रितेश शर्मा, आलोक टोप्पो, रवि चौबे, रामू कुर्मी, महिला आरक्षक रेनु टोप्पो की सराहनीय भूमिका रही।














