Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा VIDEO:जलप्रपात में फंसे नवदंपति व युवक-युवती का सफल रेस्क्यू

VIDEO:जलप्रपात में फंसे नवदंपति व युवक-युवती का सफल रेस्क्यू

0 स्थानीय ग्रामवासियों की मदद से लेमरू पुलिस, होमगार्ड और वन अमले को मिली सफलता

कोरबा(खटपट न्यूज़)। शनिवार को कोरबा जिले में हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नालों का जल स्तर बढ़ा है। पिकनिक व पर्यटन स्थल देवपहरी के जलप्रपात में एकाएक पानी बढ़ जाने से यहां पहुंचे 4 लोग फंस गए। रेस्क्यू की कवायद में 5 घंटे तक ये लोग यहां फंसे रहे। आखिरकार ग्रामवासियों के सहयोग से इन्हें निकाला जा सका।

बता दें कि जांजगीर-चाम्पा जिले से आए एक नव दम्पत्ति सहित 4 लोग जलप्रपात के बीच फंस गए। मनीष कुमार निर्मलकर पिता पंचराम 25 वर्ष, अंजली निर्मलकर पति मनीष निर्मलकर 19 वर्ष, पिन्टू उर्फ शिवा कुमार कौशिक पिता प्रहलाद सिंह 19 वर्ष, खुशबू सिंह पिता रामकुमार सिंह 17 वर्ष सभी निवासी ग्राम महुआडीह थाना अकलतरा जिस समय यहां पहुंचे थे तब गोविंदझुंझा जलप्रपात और देवपहरी नदी का जलस्तर सामान्य था।

उत्सुकतावश जलप्रपात को नजदीक से देखने के लिए ये लोग बीच में चले गए। थोड़ा और आगे बढक़र पत्थरों पर खड़े होकर नजारा देख रहे थे कि मूसलाधार बारिश के कारण लेमरू और अरेतरा से होकर पानी का बहाव जलप्रपात में समाहित हुआ और इसके साथ ही जलप्रपात का जल स्तर बढऩे से समस्या उत्पन्न हो गई। वे सभी व्यू पाइंट के ऊपर छत पर चढ़ गए। इसकी जानकारी होते ही लेमरू थाना प्रभारी एसआई कृष्णा साहू मौके पर पहुंचे। दोपहर लगभग 3.30 बजे से यहां फंसे चारों लोगों को 5 घंटे बाद सफल रेस्क्यू कर निकाला जा सका। उफनती नदी के दोनों किनारों पर रस्सा बांधकर चारों लोगों को सहारा देते हुए इस पार लाया गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में थाना स्टाफ व होम गार्ड के जवानों, स्थानीय ग्रामीणों तथा वन अमले ने काफी मशक्कत की। स्थानीय ग्रामीणों का विशेष सहयोग इस रेस्क्यू अभियान में रहा। चारों युवक-युवतियों को सुरक्षित निकाल लेने के बाद लोगों सहित फंसे हुए युवक-युवतियों के परिजनों ने राहत की सांस ली।

Advertisement Carousel