बिलासपुर(खटपट न्यूज़)। बिलासपुर में नकली नोट का मामला पकड़ने गई पुलिस के हाथ टुकड़ों में बंटी लाश भी लगी। एक युवक के घर से नकली नोटों के बंडल, नोट बनाने वाली मशीन बरामद की गई। तलाशी के दौरान एक कमरे में रखी पानी की टंकी में 6 टुकड़ों में महिला की लाश मिली। आरोपी ने बताया, दो महीने पहले उसने चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या कर लाश को काटकर छिपाया था।
नकली नोट की तलाशी में लगी पुलिस को घर से बदबू आ रही थी। जैसे ही पुलिस ने सिंटेक्स की टंकी का ढक्कन खोला तो टुकड़ों में कटी लाश मिली, आरोपी पवन ने बताया, लाश उसकी पत्नी सती साहू की है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है। पत्नी के शव के ट़कड़े-टुकड़े करके पॉलिथीन में लपेटकर टेप से पैक किया था।
सकरी टीआई सागर पाठक के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली कि उसलापुर रेलवे स्टेशन के पीछे रहने वाला पवन सिंह ठाकुर नकली नोटों का अवैध कारोबार करता है। जिसके बाद पुलिस की टीम ने उसे उसलापुर ओवरब्रिज के पास नकली नोट के साथ दबोच लिया। और फिर जब उसके घर में दबिश दी गई तो 500 और 200 के नकली नोट के बंडल मिले। आरोपी पत्नी और दो बच्चों के साथ निर्दोष एक्का के मकान में किराए पर रहता था।
पवन सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बड़ी बेटी 5 साल की है और बेटा 3 साल का है। वह सीसीटीवी कैमरा ऑपरेटिंग और रिपेयरिंग का काम करता है। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक हो गया था, कि वह किसी दूसरे लड़के से बात करती है। जिसके चलते उसने पिछले 5 जनवरी को पत्नी की हत्या कर दिया। हत्या करने से पहले ही दोनों बच्चों को तखतपुर क्षेत्र के पड़रिया गांव में छोड़ आया था जहां उसके माता-पिता रहते हैं। इसके बाद लौटकर हत्या को अंजाम दिया।
आरोपी पवन सिंह ठाकुर की पत्नी सती साहू मुंगेली के दाऊपारा की रहने वाली थी। करीब 10 साल पहले उनकी दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों ने लव मैरिज कर लिया। शादी के बाद से दोनों उसलापुर में किराए के मकान में रहते थे। पुलिस ने आरोपी पवन सिंह ठाकुर के साथ उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है, जो नकली नोट बनाने और मार्केट में खपाने का काम करते थे।