0 मालिक व दो चालकों पर दर्ज हुई एफआईआर कोरबा (खटपट न्यूज)। रेत के चोर नायब तहसीलदार को गच्चा दे गए। अवैधानिक तरीके से रेत का परिवहन करने वाले मालिक ने अपने चालक व सहचालक की मदद से नायब तहसीलदार को चकमा दे दिया। नायब तहसीलदार के कब्जे से रेत भरा ट्रैक्टर लेकर भाग निकले जिन पर चोरी का मामला दर्ज कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक कोरबा जिले के उपतहसील दीपका में पदस्थ नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी के द्वारा 17 जून को शाम करीब 6.20 बजे रेत का अवैध परिवहन वाले वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही के दौरान बिना नंबर की सोनालिका ट्रैक्टर जब्त की गई। वाहन मालिक सतीश टंडन, चालक सुनील पटेल व सहचालक यश पटेल के साथ जप्त ट्रैक्टर व रेत भरी ट्राली को सुरक्षा के लिए दीपका थाना ले जाया जा रहा था। बजरंग चौक के पास ट्रैक्टर का गियर खराब होने की बात कह वाहन खड़ा कर दिया गया और यश पटेल यहीं रूक गया। नायब तहसीलदार के साथ सतीश टंडन और सुनील पटेल थाना पहुंचे, लेकिन मौका देखकर दोनों थाना से भाग निकले। पहले ट्रैक्टर का चालक सुनील गायब हुआ और फिर मालिक सतीश टंडन मिस्त्री से ट्रैक्टर बनवाना है कहकर थाना से जाने लगा तो उसके पीछे ग्राम कोटवार बरातू को लगा दिया गया। बजरंग चौक जाने पर कोटवार ने टै्रक्टर को गायब पाया और मालिक सहित दोनों चालक भी गायब हो गए। आखिरकार नायब तहसीलदार ने जप्तशुदा रेत भरा टै्रक्टर चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज करा दी। सुनील पटेल, यश पटेल व सतीश टंडन के विरुद्ध धारा 379, 34 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर पता तलाश किया जा रहा है।