Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा किराना दुकान, मालवाहन में PDS का चावल, लगातार शिकायतों पर खाद्य विभाग...

किराना दुकान, मालवाहन में PDS का चावल, लगातार शिकायतों पर खाद्य विभाग की मामूली कार्यवाही

कोरबा (खटपट न्यूज)। शासकीय उचित मूल्य दुकानों के जरिए राशन कार्डधारियों को आबंटन हेतु सरकार द्वारा प्रदाय चावल की कालाबाजारी हो रही है। इस संबंध में अफरा-तफरी की लगातार की जा रही शिकायतों पर अब जाकर खाद्य विभाग की ओर से एक मामूली सी कार्यवाही की गई है।
भारत सरकार के खाद्य निगम में सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य राजकुमार दुबे द्वारा इस सिलसिले में 22 अप्रैल को कलेक्टर से शिकायत की गई थी कुछ दलाल किस्म के लोग सिंडीकेट के रूप में शासकीय चावल की अफरा-तफरी कर रहे हैं। दण्डनीय अपराध घोषित होने के बाद भी शासकीय चावल का हस्तांतरण के मामले में खाद्य विभाग खामोश बैठा रहा। हालांकि अभी जबकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विधानसभा के दौरे पर हैं, इस दौर में की जा रही शिकायतों पर थोड़ा बहुत संज्ञान जरूर लिया जा रहा है। इस कड़ी में खाद्य निरीक्षक शुभम मिश्रा व अन्य के द्वारा शीर्ष निर्देश पर शारदा विहार क्षेत्र में दबिश दी गई। मुड़ापार व शारदा विहार क्षेत्र में 3 मामले पकड़े गए जो यह बताने के लिए काफी है कि यह तो एक छोटा सा ट्रेलर है, जबकि पिक्चर तो पूरे जिले में चल रही है और वह भी धड़ल्ले से।

खैर, खाद्य निरीक्षक शुभम मिश्रा के बताए अनुसार पीडीएस के चावल की अफरा-तफरी की शिकायतों पर आज बुधवार को 3 जगह छापामार कार्यवाही में आशीष अग्रवाल की दुकान से 450 किलो, भारती जनरल स्टोर से 250 किलो एवं रास्ते से पीडीएस का चावल भरी मालवाहन ऑटो क्रमांक सीजी-12एक्यू-7313 को जप्त किया गया। ऑटो में शासकीय चावल भरा होना पाया गया। चावल सहित ऑटो को पुलिस अभिरक्षा में मानिकपुर पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है। राजकुमार दुबे ने कहा है कि जब एक ही मोहल्ले के दुकान में इतने बड़े पैमाने पर पीडीएस का चावल बरामद हुआ है तो अफरा-तफरी के पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है लेकिन खाद्य विभाग गहरी नींद में है।

Advertisement Carousel