
कोरबा (खटपट न्यूज)। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू का निर्देश निर्माणाधीन दर्री बरॉज पुल पर हवा-हवाई हो रहा है। यहां लोग पुल को पार नहीं करने के लिए अवरोधक बनाए जाने के बावजूद इसे पार कर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। निर्माण स्थल पुल के दोनों छोर पर लगाए गए बेरिकेड एवं मिट्टी के खड़े किए गए ढेर को भी लोग पार कर रहे हैं।

मोटर साइकिल चालकों के द्वारा पुल के बगल नीचे के हिस्से से आना-जाना किया जा रहा है जो कि जोखिम भरा कार्य है। असावधानीवश यदि फिसल गए तो सीधे गहरे पानी में समा जाएंगे। इस बारे में चर्चा करने पर दर्री सीएसपी सुश्री लितेश सिंह ने बताया कि पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी विभाग से यातायात नियंत्रण के लिए एक पत्र प्राप्त हुआ था। पत्र के संबंध में दोनों छोर पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। आम जनता को समझा पाना थोड़ा मुश्किल है और लोग मानते नहीं। आम नागरिक पर सख्ती करना भी उचित प्रतीत नहीं होता। हालांकि उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन पुल से आवागमन रोकने के लिए हर उपाय किए जाएंगे।















