0 मृतकों के नाम का राशन उठाने वाले सरपंच, सचिव पर हुई है एफआईआर
कोरबा(खटपट न्यूज़)। केंद्र की सरकार ने जब वन नेशन वन राशन कार्ड की योजना प्रारंभ कर दी है और कोई भी राशन कार्ड धारी किसी भी उचित मूल्य की दुकान में जाकर राशन प्राप्त कर सकता है,तब ऐसी व्यवस्था में भी ग्राम पंचायत शिवपुर के ग्रामीणों को डेढ़ माह से सरकारी राशन के लिए वंचित होना पड़ा है। यहां फर्जीवाड़ा के मामले में जांच के लिए उचित मूल्य दुकान के वजन मशीन से लेकर ई-पास मशीन, रजिस्टर आदि जप्त कर लिया गया है। इस जब्ती के बाद भी खाद्य विभाग ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बनाई और विवादित दुकान में खाद्य सामग्री का भंडारण करवा दिया। समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण गरीब एवं राशन कार्ड धारियों को राशन से वंचित होना पड़ा है।
पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत शिवपुर के सरपंच राजू जगत एवं सचिव महेश मरकाम के द्वारा पूर्व में शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन के दौरान मृतकों के नाम का राशन उठाकर उपयोग किया जा रहा था। कूटरचनापूर्वक यह धोखाधड़ी सरपंच-सचिव के द्वारा की गई जिसकी शिकायत उपरांत विभिन्न स्तरों पर जांच कराई गई। आखिरकार चुन्नूलाल कंवर की रिपोर्ट पर 22 मार्च को पाली थाना में राजू जगत व महेश मरकाम के विरूद्ध धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया। मामले में पुलिस ने महेश मरकाम को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया जबकि फरार चल रहे सचिव के द्वारा अग्रिम जमानत का आवेदन उच्च न्यायालय में लगाया गया है। इधर पुलिस ने विवेचना की कड़ी में उक्त उचित मूल्य दुकान के वजन मशीन से लेकर ई-पॉस मशीन, रजिस्टर आदि की जप्ती कर ली है। इन सभी का परीक्षण होना शेष है। मशीनों के जप्त कर लिए जाने के बाद से हितग्राहियों को उचित मूल्य दुकान से राशन नहीं मिल पा रहा है। अप्रैल महिने में वे राशन से वंचित रहे और अब मई में भी चावल उत्सव नहीं मना सके। हालांकि थाना में जप्त किए गए मशीनों की वापसी के लिए न्यायालय में आवेदन शासन की ओर से प्रस्तुत किया गया किंतु परीक्षण व मामले का निराकरण होने तक इसकी वापसी से न्यायालय ने इनकार कर दिया है। इधर शासन से पृथक ई-पॉस मशीन देने के लिए आवेदन किया गया है जो लंबित है। जिला खाद्य अधिकारी जेके सिंह ने बताया कि बिना ई-पॉस मशीन के खाद्य वितरण संभव नहीं है और शासन से नई मशीन अप्राप्त है। इस संबंध में वैकल्पिक व्यवस्था भी फिलहाल नहीं की जा सकी है। शिवपुर पंचायत के सोसायटी भवन में कार्डधारियों का राशन भंडारित है और जैसे ही कोई मार्गदर्शन मिलता है उन्हें दोनों माह का राशन प्रदान कर दिया जाएगा। ज्ञात हो कि उक्त पीडीएस के माध्यम से लगभग 788 कार्डधारी लाभान्वित होते हैं।
0 निकट की दुकान से राशन दिलाने की व्यवस्था : एसडीएम
पाली की अनुविभागीय दण्डाधिकारी ममता यादव ने बताया कि उनके संज्ञान में यह बात आई है और चूंकि मामला न्यायालय में होने के कारण निर्देश का इंतजार किया जा रहा था। न्यायालय ने निराकरण होने तक मशीनों को देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में राज्य शासन से दूसरी ई-पॉस मशीन के लिए आवेदन किया गया है। दूसरी मशीन मिलने तक शिवपुर के निकट पंचायत के उचित मूल्य दुकान से कार्डधारियों को राशन ले जाने की व्यवस्था की गई है जो 13 मई से प्रारंभ कर दी जाएगी।















