
कोरबा(खटपट न्यूज़)। ननद की शादी के अवसर पर मामूली सी बात को लेकर घर की महिलाओं और दुल्हन बनी ननद में अच्छी खासी मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान हंसिया व टंगिया का भी उपयोग किया गया। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर 7 लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक दादर शांतिनगर निवासी कविता के घर में ननद शलिना का वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित हो रहा था। 7 मई को दोपहर करीब 12.30 बजे शलिना और कविता की जेठानी चित्रलेखा के द्वारा पुराने विवाद पर कविता के साथ लड़ाई-झगड़ा कर हाथ-मुक्का-लात से मारपीट की गई। बीच बचाव करने कविता की मां दुर्गा भारती, बहन अघ्घन भारद्वाज आए तो इनके साथ कविता के पति सरोज सहित शलिना व चित्रलेखा ने मारपीट किया। हंसिया और टंगिया भी पकड़े थे। इसी तरह शलिना ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दोपहर करीब 3 बजे भाभी कविता के द्वारा पुरानी बात एवं भाई के बच्चे को गिराने की बात को लेकर विवाद कर गाली दी जा रही थी। मना करने पर अपनी मां, बहन, पिता धनेन्द्र भारती के साथ मिलकर मारपीट की। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर शलिना, चित्रलेखा, सरोज, कविता, दुर्गा भारती, अघ्घन भारद्वाज व धनेन्द्र भारती के विरुद्ध धारा 294, 323, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।















