
कोरबा (खटपट न्यूज)। पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री भोजराम पटेल द्वारा 14 अप्रैल को पुलिस लाइन सभागार में जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक लिया गया। भोजराम पटेल द्वारा लंबित मामलों के निराकरण, महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्यवाही, धोखाधड़ी के लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण करने, चिटफण्ड के मामलों में फरार डायरेक्टर्स को गिरफ्तार कर, सम्पत्ति चिन्हित कर कुर्क करवाकर निवेशकों को रकम वापस कराने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर करने पर विशेष जोर दिया गया । इसी प्रकार गुम बच्चों एवं महिलाओं की दस्तयाबी, छोटे-बड़े सभी प्रकरणों पर पर प्रभावी एवम विधिसम्मत कार्यवाही करने लम्बित शिकायत के त्वरित निराकरण हेतु निर्देशित किया। श्री भोजराम पटेल ने कहा कि अपराधियों, गुंडे बदमाशों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही किया जा रहा है जिसे जारी रखा जाए, साथ ही लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल अपराधियों को गुंडा/ निगरानी सूची में लाने के साथ-साथ जिला बदर की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के साथ उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय प्रदीप येरेवार, नगर पुलिस अधीक्षक योगेश साहू,डीएसपी यातायात शिव चरण परिहार सहित जिले के समस्त थाना, चौकी एवं पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी उपस्थित थे।















