Friday, March 27, 2026
Home कोरबा खैरागढ़ उप चुनाव में जनता भाजपा के साथ : उपासने

खैरागढ़ उप चुनाव में जनता भाजपा के साथ : उपासने

0 प्रधानमंत्री के आह्वान पर जनसेवा करने उतरे हंै भाजपा के कार्यकर्ता
कोरबा(खटपट न्यूज़)। भाजपा 365 दिन काम करने वाली पार्टी है। छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में इस बार परिवर्तन होगा और निश्चित रूप से यहां भाजपा की सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और उनके द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों का लाभ भारतीय जनता पार्टी को जरूर मिलेगा। पांच राज्यों में हुए चुनाव में जनता ने 4 राज्यों में भाजपा पर भरोसा जताया है।

उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रवक्ता व लोकतंत्र सेनानी संघ एवं पीएम जागरूकता अभियान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने पार्टी कार्यालय पं. दीनदयाल कुंज में आहूत पत्रवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का 42वां स्थापना दिवस पूरा देश मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में पार्टी का हर कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर जनसेवा का कार्य करेगा। जनता की समस्याओं को जानकर उसका निराकरण करेगा। आज जब खैरागढ़ में उप चुनाव हो रहा है तब भाजपा के लिए यह हर्ष का विषय है कि देश के 5 राज्यों में से 4 राज्यों में जनता ने भाजपा को स्वीकार किया। खैरागढ़ में निश्चित रूप से भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने घोषणा पत्र में शराबबंदी का वादा किया था जो आज तक पूरा नहीं किया है। बेरोजगारी भत्ता, कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा सहित अन्य मुद्दों पर भाजपा को जनता का समर्थन मिलेगा। उन्होंने अन्य विषयों पर भी प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। वार्ता के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, गोपाल मोदी, मीडिया प्रभारी मनोज मिश्रा, भाजपा के श्रमिक नेता संजय शर्मा भी उपस्थित थे।

Advertisement Carousel