Tuesday, March 31, 2026
Home कोरबा झूलेलाल की जयंती पर निकली शोभायात्रा,झांकी का आकर्षण

झूलेलाल की जयंती पर निकली शोभायात्रा,झांकी का आकर्षण

कोरबा(खटपट न्यूज़)। हिन्दू नव वर्ष का त्यौहार सिंधी समाज के द्वारा चेट्रीचंड महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। समाज के आराध्य देव साईं झूलेलाल की जयंती इस दिन मनाई जाती है। कोरबा में पूज्य सिंधी पंचायत के द्वारा साईं झूलेलाल की जयंती पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। 1 अप्रैल को बाइक रैली निकाली गई। 2 अप्रैल को शहीद हेमू कालाणी नगर स्थित सिंधु भवन के सामने साईं झूलेलाल मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम किया गया। समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आयोजन में भागीदारी निभाई। घरों-घर दीए जलाए गए।

शाम के वक्त पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा शहीद हेमू कालानी नगर से शोभा यात्रा निकाली गई। साईं झूलेलाल के छाया चित्र एवं अखंड ज्योत की पूजा कर लोगों ने दर्शन का लाभ लिया।

शोभायात्रा में साईं झूलेलाल की आदमकद प्रतिमा श्रद्धा का केंद्र रही।

वर्तमान कोरोना संक्रमण को भी झांकी में रेखांकित किया गया। कोविड वायरस की झांकी बनाकर कर लोगों से अपील की गई कि वे इससे डरें नहीं बल्कि इसके प्रति सजग रहें और दूसरों को भी जागरूक करें। कोविड रोधी टीका खुद भी लगवाएं और दूसरों को भी लगवाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

इसी तरह रूस और यूक्रेन के मध्य जारी युद्ध में पूरे विश्व की निगाहें भारत की मध्यस्थता पर टिकी हुई हैं, जिसे भी सुंदर तरीके से उद्धृत किया गया।

शोभा यात्रा के दौरान सिंधी समाज के महिलाओं एवं पुरुषों के द्वारा डांडिया का भी आयोजन पुराना बस स्टैंड में किया गया था। शोभा यात्रा का जगह-जगह स्वागत करने के साथ इसमें शामिल लोगों व नगर जनों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष कंवर राम मनवानी के नेतृत्व में सभी संगठनों व पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने अपना सहयोग दिया।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel