0 बिना प्रस्ताव सरपंच-सचिव द्वारा राशि निकालने का आरोप
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा तहसील के ग्राम पंचायत चचिया में बिना प्रस्ताव पारित कराए 22 लाख रुपए का फर्जी आहरण कर लेने की शिकायत कलेक्टर से की गई है। कलेक्टर जन चौपाल में पहुंचे उप सरपंच बसंत लाल साहू सहित पंचों ने शिकायत की है कि 14वें एवं 15वें वित्त एवं मूलभूत राशि को उप सरपंच, पंचगण के प्रस्ताव बिना ही सरपंच व सचिव द्वारा फर्जी निर्माण कार्य पर आहरण कर लिया गया है। कार्यों का पुनर्मूल्यांकन व जांच कराते हुए कड़ी कार्यवाही करने की मांग की गई है। कलेक्टर को अवगत कराया गया है कि ग्राम पंचायत चचिया में मंच निर्माण हेतु मजदूरी भुगतान, सीसी-रोड निर्माण हेतु मजदूरी भुगतान, पंचायत भवन का सौंदर्यीकरण, गौठान हेतु सीमेंट, बालू, गिट्टी की आपूर्ति, वृक्षारोपण हेतु राशि भुगतान, बेरिकेटिंग, फर्शीकरण, टेंट राशि का भुगतान, गौठान मजदूरी भुगतान, ग्राम लुढ़ुखेत में मंच निर्माण भुगतान, चचिया में स्ट्रीट लाइट, सड़क, शेड निर्माण एवं मरम्मत हेतु सामग्री क्रय की कुल राशि मिलाकर 22 लाख रुपए का फर्जी कार्य पर आहरण किया गया है। जुलाई से 30 अक्टूबर के मध्य उक्त राशि का आहरण कर गबन किया गया है। शिकायतकर्ताओं में पंच, अलखराम राठिया, जाफर खान, श्रीमती प्रेमबाई कंवर, साधिन बाई, गंगाबाई मिरी, इंदिरा बाई यादव, लाखन राठिया, बालमोती राठिया, बृहस्पति पटेल, सुमित राम राठिया भी शामिल हैं।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















