Monday, March 23, 2026
Home कोरबा सृष्टि: दान राशि बिना सहमति संदीप को वापस करने शकुंतला पर आरोप,...

सृष्टि: दान राशि बिना सहमति संदीप को वापस करने शकुंतला पर आरोप, एसपी से शिकायत

कोरबा (खटपट न्यूज)। सृष्टि इंस्टीट्युट ऑफ मेडिकल साइंस एण्ड रिसर्च सेंटर प्रबंधन की ओर से पुलिस अधीक्षक कोरबा को अमानत में खयानत से संबंधित मामले की शिकायत की गई है। संज्ञान लेते हुए संबंधित दोषियों पर उचित वैधानिक कार्रवाई करने की मांग संस्था के कोषाध्यक्ष आशीष शुक्ला ने की है।
कोषाध्यक्ष द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए पत्र में बताया गया है कि संदीप कंवर ने संस्था को दान के तौर पर 20 लाख रूपए दिए थे,जिसकी आधी राशि संस्था के सदस्यों से सहमति लिये बिना तात्कालिन कोषाध्यक्ष शकुंतला कंवर ने वापस कर दिए। संदीप कंवर ने 20 लाख रूपए समिति को चेक के माध्यम से देना बताया और कहा कि वह 20 लाख रूपए वापस चाहता था क्योंकि उसे नियम विरुद्ध आजीवन सदस्य नहीं बनाया गया। संदीप ने इस बात को छिपाया कि उसकी माता शकुंतला कंवर ने 20 लाख में से 10 लाख रूपए जनवरी 2014 में चेक के माध्यम से वापस कर दिए जबकि इसके लिए न तो कार्यकारिणी और पदाधिकारियों को सूचना दी और ना ही उनसे सहमति ली। कोषाध्यक्ष रहते हुए शकुंतला कंवर ने 10 लाख रूपए पुत्र संदीप को भुगतान कर दिया जो कि नियमों के तहत अमानत में खयानत के अपराध की श्रेणी में आता है।
21.09.2020 को संदीप कंवर के द्वारा पंजीयक फर्म एवं सोसायटी रायपुर को की गई शिकायत में जमा सदस्यता शुल्क की राशि का दुरूपयोग कर धोखाधड़ी करने की जानकारी दी गई लेकिन इस बात को छिपाया कि 10 लाख रूपए श्रीमती शकुंतला कंवर ने समिति के खाते से बिना किसी की सहमति के वापस कर दिए हैं। इस पूरे मामले में देवेन्द्र पांडेय के द्वारा एक प्रकरण छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
देवेन्द्र पाण्डेय के बताए अनुसार सृष्टि इंस्टीट्युट ऑफ मेडिकल साइंस एण्ड रिसर्च सेंटर में निर्माण कार्यों के लिए धन हेतु ननकीराम कंवर के कहने पर उन्होंने कोरे चेक में हस्ताक्षर कर शकुंतला कंवर को सौंप दिया था। इस हिसाब से समिति के 10 लाख का गबन ननकीराम कंवर, शकुंतला कंवर और संदीप कंवर के द्वारा किया गया।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel