Friday, March 27, 2026
Home कोरबा धात रोग दूर करने जड़ी-बूटी का सेवन हुआ जानलेवा, एक की मौत,...

धात रोग दूर करने जड़ी-बूटी का सेवन हुआ जानलेवा, एक की मौत, दूसरा गंभीर


0 कोरबा के मोतीसागर पारा वार्ड का मामला
कोरबा(खटपट न्यूज़)। एक पुरानी कहावत है-नीम-हकीम खतरा-ए-जान…. यह कई बार सच भी साबित हो जाता है। अपने धात संबंधी रोग के कारण लगातार आ रही शारीरिक कमजोरी को दूर करने के लिए ऐसे ही नीम-हकीम की जड़ी-बूटी का सेवन जानलेवा हुआ। दो भाइयों में से एक की मौत हो गईं जबकि दूसरा गंभीर हालत में उपचाररत है।

उपचाररत सिद्धराम

मामला कोतवाली क्षेत्र के मोतीसागर पारा का है। मोतीसागर पारा में मुक्तिधाम के निकट निवासी रामनाथ पटेल के तीन पुत्र शिव प्रसाद, शिव कुमार व सिद्ध राम पटेल हैं। बताया जा रहा है कि शिव प्रसाद पटेल और सिद्ध राम पटेल ने धात बीमारी के कारण आ रही शारीरिक कमजोरी को दूर करने के लिए जड़ी-बूटी बेचने वाले वैद्यराज का सहारा लिया। इन्हें ईलाज के लिए कथित तौर पर सफेद मूसली दी गई। रविवार को सुबह के वक्त दोनों भाइयों ने इसका सेवन किया। बड़ा भाई शिव प्रसाद दवा खाकर बाड़ी में सब्जियों को देखने चला गया और छोटा भाई सिद्धराम सब्जी बेचने के लिए इतवारी बाजार चला गया। सुबह करीब 10.30 बजे शिवप्रसाद असामान्य परिस्थितियों में लड़खड़ाते हुए बाडी से घर पहुंचा और आराम करने लगा। इस बीच दोपहर करीब 12-1 बजे छोटा बेटा सिद्ध राम भी लड़खड़ाते हुए बाजार से घर तक पहुंचा और घर जाते ही गिर पड़ा। आनन-फानन में दोनों को वैद्य के पास ले गए। वैद्य ने हाथ खड़े कर लिए और अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन तैसे-तैसे उसे लेकर शहर के निजी अस्प्ताल पहुुंचे जहां डॉक्टरों ने इन्हें भर्ती करने से मना कर दिया। अंत में थक हारकर परिजन इन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शिव प्रसाद को मृत घोषित कर दिया गया। सिद्ध राम का उपचार जारी है।
0 बिना पोस्टमार्टम ले जाने दिया शव
इस बीच जिला अस्पताल में मर्ग, पंचनामा, पोस्टमार्टम की आवश्यक प्रक्रिया के लिए स्टाफ/डॉक्टर ने पुलिस तक को सूचना नहीं दी। मृतक के पिता के बताए अनुसार उसे अस्पताल स्टाफ द्वारा कहा गया कि पोस्टमार्टम के लिए 24 घण्टे रुकना पड़ेगा और चाहें तो शव ले जा सकते हैं। इसके बाद शिव प्रसाद का शव शाम तक घर ले आया गया। कोतवाली पुलिस इस मामले में पड़ताल कर रही है।
0 तलाश करते घर पहुंचे पार्षद व पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर पार्षद संतोष लांझेकर ने इनकी तलाश वार्ड में शुरू की और आखिरकार मुक्तिधाम के निकट इनका घर खोज निकाला। इधर कोतवाली पुलिस भी इनकी तलाश कर रही थी कि पार्षद की जानकारी पर वे भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। घर पर मौजूद नाते- रिश्तेदारों से भी कोई जानकारी पहले नहीं मिल सकी। पिता रामनाथ एवं मंझला भाई शिव कुमार जिला अस्पताल में मौजूद थे। शाम को ये दोनों घर पहुंचे तो घटना की सारी जानकारी पार्षद व पुलिस को प्राप्त हुई। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र को थाना में तलब कर पूछताछ किया। शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया गया।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel