कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले में तमाम कोशिशों और निर्देशों के बाद भी अवैध कार्यों की गतिविधियां जारी हैं। डीजल चोर भी जिले के कुछ क्षेत्रों में इस कदर हावी हैं कि वे पुलिसकर्मी होना जान कर भी उस पर हमला करते हैं और बाद में अपने हिसाब से मामले मुकदमे दर्ज करवाने का भी दम रखते हैं। एक आरक्षक ऐसी ही घटना का शिकार हुआ जिसके पर्दे के पीछे की कहानी तो डीजल चोरी से जुड़ी हुई है लेकिन एफआईआर में इन सबका जिक्र वह दबाव पूर्वक कारणों से नहीं कर पाया। अपने ही विभाग की कार्यवाही से यह आरक्षक असंतुष्ट है और उच्च स्तर पर शिकायत की बात कह रहा है।

दरअसल बांकीमोंगरा क्षेत्र में एक आरक्षक और आदतन बदमाश के बीच तकरार मच गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर मारपीट व तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। संजय बर्मन पिता विजय बर्मन 27 वर्ष कुसमुण्डा थाना में आरक्षक और बांकीमोंगरा थानांतर्गत घुड़देवा दफाई पानी टंकी के पास निवासरत है। 19 सितंबर को रात करीब 9-10 बजे उसके मोहल्ले के लोग गणेश विसर्जन के लिए जा रहे थे कि रास्ते में धरम और उसके अन्य साथियों द्वारा तलवार व लात-घूंसा से व गाड़ी में रॉड से हमला कर मारपीट किया गया। आरक्षक के बाएं आंख के ऊपर गंभीर चोट व घुटना, हाथ की कलाई में रॉड से चोट लगी व कमर में अंदरूनी चोट आई। इस घटना के बाद पुन: धरम व उसके साथियों ने छोटा हाथी क्र.-सीजी-12-एडब्ल्यू-9473 में पहुंचकर मारपीट की। इस दौरान संजय और उसके साथियों ने धरम के हाथ में मौजूद तलवार को छीना। जातिगत गाली-गलौज करते हुए आरक्षक को जान की धमकी दी गई। बांकीमोंगरा थाना में आरक्षक की रिपोर्ट पर धरम सिंह व अज्ञात के विरुद्ध धारा 294, 324, 34, 506 तथा एक्ट्रोसिटी एक्ट की धारा 3 (2) (5 अ) के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।

इसी घटनाक्रम में छोटा हाथी के चालक संजू सिंह ने आरक्षक संजय बर्मन व अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट लिखाई है, जिस पर धारा 147, 148, 294, 323, 427, 506 भादवि के तहत जुर्म दर्ज किया गया है। आरोप है कि संजय और साथियों ने धरम को पूछा तो वह भाग निकला तब संजू की गाड़ी में तोड़फोड़ किया और संजू को उठाकर घुड़देवा गणेश पंडाल ले जाकर मारपीट किए। यहां एक तलवार निकालकर उसे धरम सिंह का होना व इसी से संजय से मारपीट करने की बात थाना में नहीं कहने पर जान की धमकी दी।
यह तो हुई एफआईआर की बात। इधर खटपट न्यूज से अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए आरक्षक ने बताया कि मामला डीजल चोरी से है जुड़ा हुआ है। धरम सिंह बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है और कई संगीन मामले दर्ज हैं। आरक्षक संजय के मुताबिक 17-18 सितंबर की रात घुड़देवा दफाई में राजेंद्र बंजारे के ट्रक की टंकी से डीजल चोरी करने धरम छोटा हाथी लेकर पहुंचा था। राजेंद्र के भाई राजू ने यह सब देखा और संजय को इसकी जानकारी दी। संजय ने धरम को उसके निवास क्षेत्र में आकर चोरी-चकारी नहीं करने की समझाइश दी जिसे प्रत्यक्ष न देखने की बात कह धरम ने धमकी-चमकी दी थी। आरक्षक की मानें तो उसकी बात सही ढंग से नहीं सुनी जा रही, बल्कि अवैध कारोबारियों की सुनवाई ज्यादा हो रही है। वह इस मामले में उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत करेगा।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















