Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा खदान के प्रदर्शन में कांग्रेस समर्थित लोग शामिल, विधायक व सांसद को...

खदान के प्रदर्शन में कांग्रेस समर्थित लोग शामिल, विधायक व सांसद को खबर नहीं…

0 मामला एसईसीएल की रानी अटारी प्रबंधन के विरोध का
कोरबा-पोड़ी-उपरोड़ा (खटपट न्यूज)। कांग्रेस की टिकट पर जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर का गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से भला क्या लेना देना, यह बात आसानी से कोई भी समझ सकता है। जिले के रानी अटारी विजय वेस्ट कोल माइंस में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा प्रायोजित धरना प्रदर्शन में कांग्रेसी नेता की उपस्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए है। प्रदर्शन करने वालों के द्वारा जो पाम्पलेट जारी किया गया उसमें भी कांग्रेस नेता का नाम शामिल किया गया। यही नहीं, नेता ने यहां पर अपनी उपस्थिति भी दर्ज कराई। हाल में ही छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा श्रम कल्याण मंडल में सदस्य बनाए गए नवीन सिंह का नाम भी समर्थन करने वालों की लिस्ट में शामिल किया गया।


रोजगार और कई मुद्दों को लेकर विजय वेस्ट माइंस के पास एकता परिषद संगठन ने प्रदर्शन किया लेकिन इसमें कुल मिलाकर संबंधित लोग गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से वास्ता रखते हैं। इस प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए छत्रपाल सिंह उत्साह के साथ इसमें शामिल हो गए। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और कांग्रेस की विचारधारा अलग-अलग है, और इनकी कभी भी एक-दूसरे से बिल्कुल नहीं जमी है। इस स्थिति में रानी अटारी के सरपंच पति के द्वारा किए जा रहे धरना प्रदर्शन को जिला पंचायत अध्यक्ष के द्वारा दिया गया समर्थन कई सवालों को जन्म दे रहा है। चर्चा है कि श्रम कल्याण मण्डल के सदस्य नवीन सिंह भी अपने आयोग के अध्यक्ष को इसकी जानकारी देना उचित नहीं समझे जबकि श्रम कल्याण मण्डल में नरेश देवांगन को भी इसकी जानकारी नहीं होना बताया गया है। क्षेत्रीय पाली-तानाखार के विधायक मोहितराम केरकेट्टा से फोन पर इस विषय पर जानकारी लेने पर उन्होंने इसकी जानकारी उन्हें नहीं होना बताया। कहा है कि यदि ऐसा हुआ तो इसकी शिकायत प्रदेश कांग्रेस कमेटी से की जाएगी।
जनचर्चा कुछ इस तरह है कि विजय वेस्ट माइंस से कोयला ले जाने के लिए अडाणी के वाहन लगाए गए हैं। गांव के सरपंच के द्वारा इन गाड़ियों से वसूली करने की अपुष्ट खबर है। माना जा रहा है कि हींग लगे न फिटकरी और रंग चोखा, की तर्ज पर कई नेता इस प्रदर्शन में आगे आ गए हैं। संभवत: उन्हें लगता है कि जब स्थानीय सरपंच एक बड़ी कंपनी से वसूली कर सकता है तो ऐसे मामलों में वे पीछे क्यों रहें। इन सबमें सबसे बड़ी बात यह है कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर ने संगठन से अनुमति लेने की जरूरत नहीं समझी और ना ही क्षेत्रीय विधायक मोहितराम केरकेट्टा या सांसद को इस बारे में जानकारी दी। देखना होगा कि कांग्रेस संगठन अपने कथित स्वार्थ के लिए राजनीति करने वाले नेताओं पर किस तरह से नकेल कसता है ?

0 श्रमिकों का शोषण बर्दाश्त नहीं : नवीन
प्रदर्शन के इस मामले में श्रम कल्याण मंडल के सदस्य नवीन सिंह ने कहा है कि रानी अटारी खदान में निजी कंपनी द्वारा श्रमिकों का शोषण किया जा रहा है जो बर्दाश्त नहीं होगा। इसकी पुष्टि हुई है कि 900 रुपए के वेतन पर्ची पर हस्ताक्षर लेकर 600 रुपए का भुगतान किया जाता है। इसके अलावा क्षेत्रीय समस्याओं पर भी प्रबंधन ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशानुरूप श्रमिकों के हितों के लिए किए गए प्रदर्शन में वे शामिल होने गए थे, जिसमें यह बात गौण है कि प्रदर्शन का आयोजन किसके द्वारा किया गया था। वे खुद कांग्रेस पार्टी के लाइन से अलग होकर कभी काम नहीं किए और ना ही करेंगे।

Advertisement Carousel