Monday, March 23, 2026
Home कोरबा सरपंचों से वसूली तेज होगी, एसडीएम न्यायालय से जारी हुआ नोटिस

सरपंचों से वसूली तेज होगी, एसडीएम न्यायालय से जारी हुआ नोटिस


0 कोरबा व करतला ब्लाक से होनी है एक करोड़ से अधिक की रिकव्हरी
कोरबा (खटपट न्यूज)। पंचायत के विकास कार्यों में राशि की बंदरबांट करने वाले सरपंचों पर अब वसूली की कार्यवाही तेज होने वाली है। विगत 2 वर्ष से कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के कारण कार्यालय सहित न्यायालयीन कामकाज प्रभावित होते रहे। दूसरे लहर के बाद हालात सामान्य होने पर फिर से कामकाज शुरू हो चुके हैं। अब ऐसे सरपंचों से वसूली के लिए राजस्व न्यायालय से कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
कोरबा व करतला ब्लाक/तहसील अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों से 1 करोड़ से अधिक की रिकव्हरी लंबित है। कोरबा ब्लाक में करीब 50 लाख से अधिक की वसूली होनी है तो वहीं करतला जनपद पंचायत अंतर्गत लगभग 80 लाख की वसूली करना है। जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राधेश्याम मिर्झा के प्रतिवेदन के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुनील कुमार नायक ने बकाया राशि का नोटिस जारी किया है।
ज्ञात रहे करतला जनपद क्षेत्र के पूर्व सरपंचों ने सत्र 2008 से लेकर 2017 तक सीसी रोड, भवन निर्माण सहित अन्य विकास कार्यो में जमकर अनियमितताएं बरती और कार्यों को अधूरा छोड़कर सरकारी पैसों का बंदरबांट करते रहे। ऐसे सभी सरपंचों के विरुद्ध एसडीएम ने बकाया राशि वसूली का नोटिस थमा दिया है। एसडीएम ने सभी सरपंचों को 16 जुलाई 2021 को जवाब प्रस्तुत करने कहा है और जवाब नहीं देने पर कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई है। वसूली वाले पूर्व सरपंचों में ग्राम पंचायत चाम्पा से 2,50,000 रुपये, ग्राम पंचायत कनकी से 90,000 रुपये, ग्राम पंचायत जोगीपाली (रामपुर) से 23,352 रुपये, बोतली को 70,89,300 रुपये, ग्राम पंचायत चोरभट्टी से 2,40,000 रुपये, ग्राम पंचायत खरवानी से 2,27,970 रुपये, ग्राम पंचायत जामपानी से 1,26,380 रुपये तथा ग्राम पंचायत करतला से 10,00,00 रुपये लगभग की वसूली योग्य राशि है। एसडीएम ने सभी पूर्व सरपंचों को 16 जुलाई को जवाब प्रस्तुत करने का समय देने के साथ ही जल्द से जल्द राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel