कोरबा-कटघोरा(खटपट न्यूज़)। कटघोरा वनमंडल के जंगलों में तालाबों का निर्माण कराया जा रहा है ताकि जानवरों को जंगल के भीतर ही पीने के लिए पानी उपलब्ध हो सके और वे प्यास बुझाने के लिए आबादी क्षेत्र का रुख ना करें। इसके साथ ही आसपास के ग्रामीण भी लाभान्वित होंगे।

अक्सर आबादी क्षेत्र में जंगली जानवरों के आ जाने के कारण वे या तो हादसे का शिकार हो जाते हैं या फिर आवारा कुत्तों का निशाना बनते हैं लेकिन जंगल में ही प्यास बुझ जाने से यह नहीं होगा। कटघोरा वन मंडल के जटगा रेंज अंतर्गत कारीमाटी के जंगल में बना तालाब भी यह कार्य करेगा। जटगा रेंज के प्रभारी रेंजर सत्तू जायसवाल ने बताया कि वन्य प्राणियों के संरक्षण, संवर्धन तथा उनके विकास के लिए डीएफओ श्रीमती शमा फारूकी के मार्गदर्शन में बीहड़ वनांचल एवं दुर्गम पहाड़ी वाले कारीमाटी के जंगल में पुराने बने किन्तु बंजर हो चुके तालाब का पुनः नया निर्माण कराया गया है।
















