रायपुर(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ के सुपर विलेन मनमोहन सिंह ठाकुर अब गायिकी में नजर आएंगे। उन्होंने 1-2 नहीं बल्कि 8 गाने गाए हैं।
एक जमाना रहा जब मोर छइयां भुइयां और झन भूलो मां बाप ला के वक्त उनका नाम सतीश जैन के फेवरेट कलाकारों के नाम में शुमार था।
उन्होंने अपने अभिनय के दम पर पूरे छत्तीसगढ़ के दर्शकों के दिलों में जगह बना ली।

दर्शकों का वही प्यार और दुलार मनमोहन को हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहा। इसी वजह से मनमोहन ने फिल्मों में मुख्य भूमिका निभानी शुरू की, वहां भी उन्हें दर्शकों का प्यार मिलता रहा।कोरोना और लाकडॉउन के चलते फिल्मों पर ब्रेक लगा तो मनमोहन ठाकुर ने गीतों में अभिनय और गायिकी की तरफ रुख किया और नटराज म्यूजिक बरही के विनय वर्मा के साथ मिलकर उन्होंने आठ अलग-अलग मूड के गीतों का निर्माण किया जिसमें मनमोहन ठाकुर ने अपने स्वर दिए और अभिनय भी किया है।अभी 6 गानों की शूटिंग पूर्ण कर ली गई है जिसमें मनमोहन ठाकुर के नायिकाओं में सोनाली, वेदिका, तारा और गायत्री जैसी अभिनेत्रियां हैं। गीतों की शूटिंग रायपुर और पाटन क्षेत्र में की गई है। इन गीतों को कैलाश मांडले और सुरेश कुर्रे ने लिखा है। बता दें कि नटराज म्यूजिक बरही ने भोजपुरी , छत्तीसगढ़ी, हिंदी और बुंदेलखंडी बोली में भी कार्य किया है। इसी स्टूडियो से संजय सुरीला, लल्लू तिवारी और शारदा थवाईत जैसे कलाकारों को पहचान मिली है। बहरहाल फिल्मों में अपनी पहचान बना चुके मनमोहन ने ठाना था कि अब यू-ट्यूब में गीतों के माध्यम से अपने दर्शकों का मनोरंजन करेंगे जिसके लिए उन्होंने पूरी तैयारी के साथ गानों का निर्माण करा लिया है और उसे जल्द ही रिलीज करने की तैयारी है।















