0 बारिश से बचाने मानव सेवा मिशन की पहल
कोरबा(खटपट न्यूज़)। राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र पहाड़ी कोरवा सहित अन्य अति पिछड़े जनजाति के लोगों का जीवन स्तर सुधारने के लिए कई तरह के प्रयास सरकार द्वारा किये तो जा रहे हैं परन्तु इन्हें विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह जोड़ा नहीं जा सका है। भले ही पहाड़ी कोरवा सहित अन्य जनजातियों के लिए सरकार करोड़ों- अरबों रुपए खर्च कर रही है किंतु आज भी अनेक ऐसे में जनजातीय परिवार हैं जिन्हें पक्की छत नसीब नहीं। आलम यह है कि इनके घास- फूस के छत(छानी) को ढकने के लिए प्लास्टिक भी दान में लेनी पड़ रही है। इनके सिर की पक्की छत और पक्की चारदीवारी युक्त मकान को आवास मित्र खा गए या तो दलालों, सरपंच-सचिव, अधिकारियों ने मिलकर डकार लिया। भ्रष्टाचार की भेंट चढ़े ऐसे जनजातियों की झोपड़ियों को बरसात में टपकने से बचाने के लिए समाजसेवी संस्थाओं के द्वारा समय-समय पर अपने क्षमता अनुसार मदद जरूर की जाती है। सरकार के नुमाइंदे भले ही इनसे जान कर ही सही, पर नजरें फेरे हों किंतु समाजसेवी संस्थाओं के लोगों की नजर इन पर पड़ ही जाती है।

इसी कड़ी में पिछले एक वर्षों से पहाड़ी कोरवाओं के लिए लगातार कार्य वाली समाजसेवी संस्था मानव सेवा मिशन और पंचशील सेवा समूह के सदस्यों ने कोरबा जनपद क्षेन्त्रान्तर्गत लेमरू-देवपहरी रोड पर निवासरत पहाड़ी कोरवा परिवारों को बारिश के दिनों में राहत दिलाने के लिए छतों को ढंकने प्लास्टिक प्रदान किया। संस्था के सदस्यों के अनुसार पिछले सेवा कार्य के दौरान ग्रामीणों द्वारा बरसात के दिनों के लिए घास-फूस से बनी छतों(छानी) को ढंकने के लिए उचित प्रबंध करने का निवेदन किया गया था। इसे दृष्टिगत रखते हुए इस बार सेवा कार्य में पिछले अनुभवों के अनुसार ग्राम भुडूमाटी, छाती बहार एवं सरई टिकरा के सभी जरूरतमंद परिवारों को प्लास्टिक प्रदान किया गया जिसे बरसात में छत टपकने से बचाने के लिए ऊपर लगाया गया। सदस्यों ने ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे प्रदान कर रोपण भी किया। इसी प्रकार सब्जी- भाजी उगाने के लिए अनेक तरह के बीज प्रदान किये गए ताकि पहाड़ी कोरवा परिवारों को नियमित रूप से सब्जी प्राप्त हो सके। पहाड़ी कोरवा बच्चों को पढ़ाई के लिए कॉपी, पेंसिल, रबर, कलर सेट प्रदान किया गया। सेवा कार्य में केशव चन्द्रा, प्रभात शुक्ला, अमर पटेल, राजेश धीवर, अशोक पटेल, दिनेश पृथ्वीकर, संजय विजयवर्गीय, मनोज सिंह, कमलेश बोहरपी, शैलेंद्र जायसवाल उपस्थित रहे।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















