
कोरबा( खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले की नई कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने मंगलवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने पदभार संभालने के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों एवं मीडिया कर्मियों से संक्षेप में चर्चा की। श्रीमती रानू साहू ने बताया कि जिले की कुछ समस्याओं के बारे में उन्हें अवगत कराया गया है। उनकी कोरबा जिले में पहली प्राथमिकता शासन की जितनी भी योजनाएं हैं, उनका लाभ गरीबों तक, अंतिम छोर तक पहुंचाने की है। जरूरतमंद लोगों का कल्याण और उनकी समस्याओं का त्वरित निदान उनकी प्राथमिकता में शामिल है। इसके अलावा शहर में प्रदूषण की समस्या भी उनके संज्ञान में है। सतरेंगा को एक टूरिस्ट प्लेस के रूप में विकसित करने के काम को आगे बढ़ाना है। कोरबा जिले में मेडिकल कॉलेज की पूर्ण स्थापना कर उसे शीघ्र आरंभ कराना भी प्राथमिकता में शामिल है। कलेक्टर रानू साहू ने कहा कि कोरबा जिले में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, उन तमाम संभावनाओं को तलाश कर पर्यटन के क्षेत्र में भी कोरबा जिले को एक नई पहचान देने का वे पूरा प्रयास करेंगी।















