कोरबा (खटपट न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के कुल 7 वर्ष पूरे होने पर जिला भाजपा द्वारा सेवा ही संगठन कार्यक्रम के तहत जिले के समस्त 19 मण्डलों, विभिन्न शक्ति केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किये गए। बालको मंडल में वार्ड क्र. 37 के दैहानपारा में जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई और कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार से त्रस्त देश की जनता को 2014 में नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व वाली साफ सुथरी व ईमानदार सरकार मिली।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 7 साल के कार्यकाल में दर्शा दिया कि राजनीतिक इच्छाशक्ति वाली सरकार अपने फैसलों से कैसे राजनीति की दशा व दिशा बदल सकती है।

भिलाईबाजार मंडल के केसला गांव में प्रदेश उपाध्यक्ष लखनलाल देवांगन, कुदमुरा मंडल में गुरमा शक्ति केंद्र के ठेंगरीमार गांव में रामपुर विधायक ननकीराम कंवर, दीपका मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय शक्ति केंद्र के आजाद चौक में ज्योतिनंद दुबे ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। जिला मीडिया प्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया कि युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर, जिले के लगभग 215 शक्ति केन्द्रों में सेवा ही संगठन कार्यक्रम के तहत पल्स ऑक्सिमिटर, सेनेटाइजर, मास्क एवं सूखा राशन का वितरण एवं पौधरोपण किया गया। धार्मिक महत्व वाले स्थानों की सफाई के साथ ही कोरोना टीकाकरण के लिए लोगों को जागरुक किया गया।
















