0 कोविड प्रोटाकॉल के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने दिए निर्देश
कोरबा (खटपट न्यूज)। कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल आज पाली प्रवास के दौरान अचानक दल-बल के साथ सराईपाली-बुड़बुड़ कोयला खदान पहुंची। उन्होने खदान में बने अस्थाई श्रमिक कैंप का निरीक्षण किया और कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार इस कैंप में श्रमिकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्रीमती कौशल ने सराईपाली-बुड़बुड़ खदान में काम कर रहे ठेका मजदूरों और ट्रांसपोर्ट कंपनियों के कर्मचारियों से आसपास के गांवों में कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए खदान में किये गये इंतजामों की जानकारी महाप्रबंधक से ली। श्रीमती कौशल ने इस खदान में अन्य राज्यों से आकर काम करने वाले कर्मचारियों की भी पूरी जानकारी ली। उन्होंने अगले तीन दिनों में अस्थाई कैंप में ठेका मजदूरों और ट्रांसपोर्ट कंपनियों के कर्मचारियों के रूकने की समुचित व्यवस्था कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार करने के निर्देश खदान प्रबंधन के अधिकारियों को दिए। इस दौरान विधायक श्री मोहितराम केरकेट्टा, जिला पंचायत के सीईओ श्री कुंदन कुमार, सहायक कलेक्टर श्री अभिषेक शर्मा, एसडीएम श्री अरूण खलखो, डीपीएम श्री पद्माकर शिंदे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सतीश पाण्डेय, डीपीओ श्री आनंद क्रिसपोट्टा सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
















