Friday, March 27, 2026
Home कोरबा छत्तीसगढ़ गोधन न्याय योजना किस तिथि को प्रारंभ हुई, छत्तीसगढ़ के लोकगीतों...

छत्तीसगढ़ गोधन न्याय योजना किस तिथि को प्रारंभ हुई, छत्तीसगढ़ के लोकगीतों का राजा किस गीत को कहा जाता है..? रोचक सवालों के जवाब दिए भावी अधिकारियों ने…

0 पीएससी की परीक्षा में छत्तीसगढ़ पर आधारित पूछे गए 50 प्रश्न

कोरबा(खटपट न्यूज़)। डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी सहित प्रशासनिक अधिकारी बनने छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा 14 फरवरी रविवार को सम्पन्न हुई। कोरबा जिले में इसके लिए 10 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य ज्ञान के पर्चे में 100 प्रश्नों में से 50 प्रश्न छत्तीसगढ़ पर आधारित रहे। यहां की लोक कला, जंगल, खनिज संपदा, सरकार की योजनाओं से लेकर जनजातियों के बारे में सवाल किए गए। परीक्षार्थियों ने सरल प्रश्न पत्र आने पर राहत होना बताया।

सामान्य ज्ञान में छत्तीसगढ़ गोधन न्याय योजना किस तिथि को प्रारंभ हुई, किस योजना के माध्यम से नरूवा, गरूवा, घुरवा बाड़ी का अभियान छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किया गया है। राज्य में कितनी कृषि उपज मंडियां हैं। प्रदेश में ग्रीष्म ऋतु में चलने वाली हवाएं क्या कहलाती हैं, ढुकु विवाह किस जनजाति में प्रचलित है, छत्तीसगढ़ी लोक साहित्य का अध्ययन के रचनाकार कौन है, भरथरी गायन के लिए कौन प्रसिद्ध है, छत्तीसगढ़ के लोकगीतों का राजा किस गीत को कहा जाता है, हलषष्ठी त्योहार क्यों मनाया जाता है, बिलासपुर में राउत नाचा का प्रारंभ कब हुआ जैसे सवाल पूछे गए। लोक कला, साहित्य, छत्तीसगढ़ का इतिहास, राजनीति सहित 50 सवाल पूछे गए जो छत्तीसगढ़ पर आधारित थे।
0 प्रशासन से जारी दोनों फोन नम्बर लगे ही नहीं
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए शासकीय इंजीनियरिंग विश्वैश्वरैया पी. जी. काॅलेज रजगामार रोड को मार्गदर्शन केन्द्र बनाया गया था जिसका दूरभाष क्रमांक 07759-221450 है। परीक्षा संबंधी किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर परीक्षार्थी यहां फोन कर सहायता ले सकते थे। इसके साथ ही कलेक्टोरेट के कक्ष क्रमांक 09 में पी.एस.सी. परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया था जिसका फोन नंबर 07759-224611 है। यह कंट्रोल रूम सुबह आठ बजे से परीक्षा की समाप्ति तक कार्यशील रहेगा, ऐसा कहा गया था लेकिन जब हमने इन नम्बरों पर बात करना चाहा तो अनेक प्रयासों के बाद भी फोन की घण्टी बजी ही नहीं। इससे तो बेहतर होता कि संबंधित अधिकारी के मोबाइल नंबर सुविधा के लिए दिए जाते।
0 पहली पाली में 544, दूसरी में 582 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
परीक्षा कोरबा जिले के 10 परीक्षा केन्द्रों में संपन्न हुई। परीक्षा के लिए पीजी कॉलेज, आईटी कॉलेज, सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल, शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, डीडीएम पब्लिक स्कूल, सरस्वती हायर सेकेण्डरी स्कूल सीएसईबी, अग्रसेन कन्या महाविद्यालय दर्री रोड, कमला नेहरू महाविद्यालय व शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल मिशन रोड को परीक्षा केन्द्र बनाया गया था। पहली पाली प्रात: 10 से 12 बजे के लिए पंजीकृत कुल 5168 परीक्षार्थियों में से 4624 उपस्थित हुए जबकि 544 की अनुपस्थिति दर्ज हुई। द्वितीय पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे की परीक्षा में 4586 परीक्षार्थी उपस्थित हुए जबकि 582 अनुपस्थित रहे। 0 सत्या पाल 0

Advertisement Carousel