0 कहा- महिलाओं एवं बच्चों के विरूद्ध घटित अपराधों पर कार्यवाही करने प्रतिबद्ध
कोरबा (खटपट न्यूज़) । जिला पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारियों की अपराध संबंधित समीक्षा बैठक ली। उपस्थित अधिकारियों को कहा गया कि वे संपूर्ण जिला में पुलिस की उपस्थिति अधिक से अधिक बढ़ाते हुए लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कर विजीबल पुलिसिंग पर जोर दें।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा ने कहा कि कोरबा पुलिस महिलाओं एवं बच्चों के विरूद्ध घटित अपराधों पर कार्यवाही करने के लिय प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिले में घटित हो रहे सड़क दुर्घटना के समस्त प्रकरणों के ड्रायवरों के लायसेंस निरस्त करने के निर्देश उपस्थित सभी अधिकारियों व प्रभारियों को दिए। इसके अलावा थाना-चौकी क्षेत्र में अवैध देशी शराब बनाने एवं बेचने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने, साइबर फ्राड (क्राइम) पर तत्काल कार्यवाही करने एवं समस्त थाना-चौकी क्षेत्रांतर्गत एटीएम ठगी, साइबर ठगी के संबंध में जागरूकता अभियान चलाकर समस्त एटीएम एवं बैंकों में पाम्पलेट आवश्यक रूप से लगाने निर्देश दिए। जिले में पूर्व में लागू की गई बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं कार्यशील बनाने के संबंध में कार्यवाही करने कहा। आरोपियों के विरूद्ध चल रहे विचाराधीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्रकरण के गवाहों को घटना के संबंध में उचित ब्रीफिंग देने, थाना भवन एवं परिसर को साफ-सुथरा तथा लोगों के लिये फ्रेंडली बनाने संबंधी उचित वातावरण एवं सुविधा उपलब्ध कराने, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तेज रफ्तार एवं शराब पीकर दो पहिया वाहन चालकों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने एवं उक्त चालकों के लायसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री खोमन सिन्हा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रामगोपाल करियारे सहित समस्त पुलिस अधिकारीगण उपस्थित थे।















