फीस जमा नहीं करने वाले बच्चों का बन्द करेंगे ऑनलाइन क्लास…


0 प्रायवेट स्कूल एसोसिएशन की बैठक
कोरबा (खटपट न्यूज़)। अशासकीय विद्यालय संघ, कोरबा की बैठक में निर्णय लिया गया है कि जो अभिभावक अभी तक संबंधित विद्यालयों में अपने बच्चों की फीस जमा नहीं किये हैं, उनके बच्चों का ऑनलाइन क्लासेस बंद किया जाएगा।

प्रतीकात्मक चित्र

प्रायवेट स्कूल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एपी सिंह ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि अशासकीय विद्यालय संगठन कोरबा की कार्यकारिणी सभा की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न स्कूल के प्राचार्यों ने बताया कि कई अभिभावकों ने फीस में रियायत देने के लिए आवेदन प्रस्तुत किये व जांच के उपरांत उन्हेें ट्यूशन फीस में उचित रियायत दी गई है। विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के कुछ सक्षम अभिभावकों के द्वारा भी फीस जमा नहीं की जा रही है। साथ-साथ पिछले वर्ष की बकाया फीस भी जमा नहीं की गई है। फलस्वरूप विद्यालयों को अत्यधिक आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों को समय पर वेतन देने में बहुत परेशानी हो रही है। जिले के सभी अशासकीय विद्यालय सुचारू रूप से संचालित हो सकें, इस पर समिति के सदस्यों द्वारा विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि उच्च न्यायालय बिलासपुर के आदेशानुसार विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावक सत्र 2020-21 की ट्यूशन फीस जमा करें। यदि पूर्व के शैक्षणिक सत्र की फीस बकाया हो तो उसे भी विद्यालय में जमा करवाएं, ताकि विद्यालय में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं वं अन्य कर्माचरियों को वेतन समय पर देने में कोई परेशानी न हो। साथ ही विद्यालय के अन्य गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। यदि अभिभावकों के द्वारा सत्र 2020-21 के ट्यूशन फीस एवं पूर्व बकाया फीस 30 नवंबर तक जमा नहीं किया गया तो ऐसे अभिभावकों के बच्चों की ऑनलाइन क्लासेस 7 दिसंबर से बंद किया जा सकता है। कहा गया है कि उन बच्चों के शैक्षणिक क्षति के अभिभावक स्वयं जिम्मेदार होंगे।

Advertisement Carousel